नई दिल्ली. विधानसभा चुनाव में एग्जिट पोल के नतीजों में आम आदमी पार्टी को बहुमत मिलने की संभावना के बीच कांग्रेस ने रविवार को कहा कि अगर सर्वेक्षणों के नतीजे सही हैं तो वह दिल्ली में जो भी भूमिका मिलेगी, उसे निभाने के लिए तैयार है। कांग्रेस महासचिव अजय माकन ने यहां कहा,‘पिछली बार जब आप ने 28 सीटें जीती थीं तो भी लगा था कि दिल्ली की जनता चाहती है कि आम आदमी पार्टी सरकार चलाए।
कई वोट टॉर्च जैसे चुनाव चिह्नों की तरफ चले गए। लोग शायद आप को वोट डालना चाहते थे। अगर उन्होंने चुनाव चिह्न टॉर्च पर बटन नहीं दबाया होता तो आप को खुद ही बहुमत मिल जाता।’ उन्होंने कहा, ‘इसलिए मुझे लगता है कि लोग वाकई आम आदमी पार्टी को एक मौका देना चाहते हैं और अगर एग्जिट पोल, ओपिनियन पोल के नतीजे सही हैं तो जनता हमारे लिए जो भूमिका तय करती है, हम उसे निभाने के लिए तैयार हैं।’ इस बीच दिल्ली कांग्रेस के प्रभारी पीसी चाको ने अनेक दलों के अांतरिक सर्वेक्षणों पर संदेह प्रकट किया।