(फोटोः सिनेमा हॉल में कुमार विश्वास (बाएं) और मनीष सिसौदिया के साथ केजरीवाल)
नई दिल्ली.एक्जिट पोल्स के नतीजों से उत्साहित
अरविंद केजरीवाल अपने सैकड़ों वॉलंटियर्स, साथियों और परिवार के सदस्यों के साथ रविवार को 'बेबी' फिल्म देखने पहुंचे। केजरीवाल कौशांबी के वेब सिनेमा पहुंचे, जो उनके घर गिरनार टावर अपार्टमेंट से महज एक किमी की दूरी पर है। इससे पहले, उन्होंने रविवार का वक्त बेहद रिलैक्स तरीके से परिवारवालों के साथ बिताया। केजरीवाल ने सुबह की शुरुआत योगा से की। इसके बाद उन्होंने न्यूजपेपर पढ़ा। उन्होंने सोशल मीडिया पर भी नजर रखी। हालांकि, इस दौरान मीडियाकर्मी उनके घर के बाहर जमे रहे। बता दें कि इससे पहले केजरीवाल ने अपने कार्यकर्ताओं को उनके योगदान के लिए धन्यवाद देते हुए उन्हें 'चिल' करने की सलाह दी थी।
रिश्तेदारों को दिया न्योता
अरविंद केजरीवाल काफी कॉन्फिडेंट हैं। शायद यही वजह है कि 10 फरवरी को नतीजों के एलान से पहले ही केजरीवाल ने अपने शपथग्रहण समारोह के लिए रिश्तेदारों को न्योता देना शुरू कर दिया है। एक टीवी चैनल की रिपोर्ट में केजरीवाल के रिश्तेदारों ने माना कि उन्हें समारोह में शामिल होने का न्योता मिला है। केजरीवाल के रिश्तेदार रविवार को उनसे मुलाकात करने पहुंचे थे। इस बीच, केजरीवाल ने पार्टी के वरिष्ठ नेताओं की रविवार दोपहर तीन बजे बैठक बुलाई है। बताया जा रहा है कि परिणाम वाले दिन के लिए पार्टी की रणनीति तय करने के लिए यह बैठक होगी। आप नेता मनीष सिसौदिया भी रविवार सुबह केजरीवाल से मिलने पहुंचे।
आप को सताई ईवीएम की सुरक्षा की चिंता
इधर , आप को ईवीएम के सुरक्षा की चिंता भी सता रही है। आप नेता आशुतोष ने एक ट्वीट में कहा कि पार्टी के कार्यकर्ता 24 घंटे ईवीएम मशीनों की सुरक्षा पर नजर रखेंगे। आप के कार्यकर्ताओं को निर्देश दिए गए हैं कि जिस स्ट्रॉन्गरूम में ईवीएम रखे गए हैं, उसकी 24 घंटे निगरानी करें। आशुतोष ने सवाल उठाया कि क्या सभी ईवीएम सुरक्षित रखे गए हैं?
यह भी पढ़ें