पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर
डाउनलोड करेंनई दिल्ली. दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल फिर विवादों में हैं। इस बार उन्होंने संगीतकार विशाल ददलानी का एक ट्वीट अपने पेज से री-ट्वीट किया। उसमें लिखा है, 'एक मूर्ख और एक हत्यारे के बीच फंस गए हैं... अब क्या, भारत?' केजरीवाल के ट्वीट को कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी और भाजपा के प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार नरेंद्र मोदी के संदर्भ में देखा जा रहा है। विशाल ने सोमवार रात को एक टीवी चैनल पर राहुल गांधी के इंटरव्यू के बाद यह ट्वीट किया था। थोड़ी देर बाद केजरीवाल ने इसे री-ट्वीट किया।
दिल्ली में चुनाव के दौरान विशाल आम आदमी पार्टी (आप) के लिए प्रचार भी कर चुके हैं। इस बीच भाजपा प्रवक्ता निर्मला सीतारमन ने केजरीवाल के री-ट्वीट की निंदा की। कहा, 'बतौर मुख्यमंत्री केजरीवाल को सार्वजनिक मंच पर कुछ भी कहने से पहले अपनी भाषा को लेकर दो बार सोचना चाहिए। किसी संगीतकार की अपनी सोच हो सकती है। लेकिन मुख्यमंत्री को सोचना होगा जिसके बारे में वह कह रहे हैं उनमें से एक गुजरात का मुख्यमंत्री और दूसरा सांसद है।'
केजरीवाल और भारती को नोटिस
दिल्ली हाईकोर्ट ने केजरीवाल और उनके मंत्री सोमनाथ भारती को चुनावी खर्चे को लेकर नोटिस भेजा है। दोनों पर पिछले साल दिसंबर में हुए विधानसभा चुनाव में तय सीमा 14 लाख रुपए से अधिक खर्च करने के आरोप हैं। इस बाबत दाखिल अर्जी में दोनों नेताओं के चुनाव अमान्य घोषित करने की मांग की गई है। भाजपा नेता विजेंद्र गुप्ता और आरती मेहरा ने केजरीवाल और भारती के खिलाफ अर्जी लगाई थी। कोर्ट ने दोनों से 25 फरवरी तक जवाब देने को कहा है।
जस्टिस विपिन संघई ने केजरीवाल को विजेंद्र गुप्ता की याचिका पर नोटिस भेजा है। जबकि जस्टिस जी.एस. सिस्तानी ने आरती मेहरा की अर्जी पर सोमनाथ भारती को नोटिस दिया है। 'आप' नेताओं पर चार दिसंबर को हुए चुनाव में 17 लाख रुपए से अधिक खर्च करने के आरोप हैं।
Copyright © 2021-22 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.