नई दिल्ली. सोशल मीडिया खासकर
फेसबुक पर कभी छाई रहने वाली आम आदमी पार्टी को पिछले एक पखवाड़े से भाजपा ने बुरी तरह से पछाड़ दिया है। पिछले 15 दिनों में फेसबुक पर डाली गई पोस्ट पर भाजपा और आप पार्टी के फेसबुक पेज पर लोगों के विजिट और लाइक को आधार माना जाए तो आम आदमी पार्टी की लोकप्रियता तेजी से घटती दिख रही है। भाजपा फेसबुक पर अपनी प्रतिद्वंद्वी आप से तेजी से आगे निकल गई है।
भाजपा के ऑफिशियल फेसबुक अकाउंट पर डाली जा रही पोस्ट को लाखों लोग विजिट कर रहें है और हजारों लाइक मिल रहे हैं, वहीं आप के ऑफिशियल फेसबुक अकांउट पर पिछले 15 दिनों में डाली गई एक पोस्ट को सबसे अधिक 19 हजार लाइक मिले हैं। जबकि भाजपा द्वारा 25 दिसंबर को अटल बिहारी वाजपेयी के जन्मदिन पर डाली गई पोस्ट को 12.50 लाख लोगों ने विजिट किया है वहीं 80 हजार से अधिक लाइक मिल चुके हैं। यही नहीं प्रधानमंत्री
नरेंद्र मोदी के बारे में सोलर पावर को लेकर फेसबुक पर डाली गई पोस्ट पर 3.80 लाख लोगों ने विजिट किया और लगभग 25 हजार से अधिक लोगों ने लाइक किया है। इसी तरह से पेट्रोल की घटी कीमत को लेकर की गई पोस्ट पर 4.50 लाख लोगों ने विजिट किया और 23 हजार से भी अधिक लाइक मिल चुके हैं।
प्रदेश कार्यालय स्थित भाजपा के आईटी-सेल के निखिल और सुमित ने बताया कि भाजपा की हर पोस्ट को लाखों लोग विजिट कर रहे हैं और हर पोस्ट पर 10 हजार से अधिक लाइक मिल रहे हैं। फेसबुक एक सप्ताह में लगभग 4.50 से 5 लाख लोग विजिट कर रहे हैं। भाजपा द्वारा की जा रही पोस्ट पर औसतन हर सप्ताह लाइक का एवरेज 7 हजार है जबकि आप से तीन हजार है।