नई दिल्ली. बिना एक्साइज ड्यूटी अदा किए अवैध रूप से शराब की बिक्री और आपूर्ति के विरुद्ध दिल्ली के आबकारी विभाग ने विशेष अभियान छेड़ा हुआ है। इसी अभियान के तहत विभाग ने भारी तादात में अवैध शराब जब्त की है।
दिल्ली के आबकारी आयुक्त नीरज सेमवाल ने बताया कि विशेष अभियान में छापामार दलों ने अलग-अलग इलाकों से 2880 अवैध अंग्रेजी शराब की बोतलें बरामद की हैं। इनमें मुरथल नं. 1, बेस्टो व्हिस्की, रसीला संतरा, असली संतरा, बीयर और इम्पैक्ट व्हिस्की शामिल हैं। जब्त की गई शराब पर एक्साइज ड्यूटी अदा नहीं की गई थी। सेमवाल ने कहा कि यह शराब हरियाणा में बेचने के लिए पिपली गांव निवासी कपिल द्वारा ले जाई जा रही थी। उसके पास से 1200 मुरथल नं. 01 की बोतलें जब्त की गईं। शराब से भरा टेंपो भी जब्त किया गया है। ऐसे ही शाहदरा स्थित ज्वाला नगर में शिवपाल और राजपाल को 216 बेस्टो व्हिस्की, 168 रसीला संतरा और 48 बीयर की बोतलों के साथ हरियाणा जाते हुए पकड़ा। यह शराब को सेंट्रो कार में रखकर ले जा रहे थे, कार भी जब्त कर ली गई है। इनके अलावा हरियाणी निवासी मनोज और रविंद्र को भी हरियाणा में शराब बेचने के लिए ले जा रहे थे, इनके पास 420 बेस्टो व्हिस्की की बोतलें जब्त की गई।
होंडा सिटी कार भी जब्त की गई है।
ऐसे ही उत्तर प्रदेश निवासी राहुल और पुष्पेंद्र को हरियाणा में बिक्री के लिए शराब ले जाते समय
मारुति जेन कार में 408 इम्पैक्ट व्हिस्की की बोतलों सहित धर लिया गया। इन सभी के खिलाफ दिल्ली आबकारी अधिनियम 2009 के तहत पुलिस में एफआईआर दर्ज कराई गई थी। सेमवाल ने बताया कि अब तक 44486 अवैध शराब की बोतलें बरामद की गई है। उन्होंने कहा कि अवैध शराब के धंधे पर छापेमारी अभियान जारी रहेगा।