पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • Broker Making OPD Card Go In The Morning To Stand In Line

एम्स : स्टाफ-दलाल बना रहे ओपीडी कार्ड, सुबह ही हो जाते हैं लाइन में खड़े

7 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
नई दिल्ली. एम्स में ओपीडी कार्ड बनवाने के लिए भी किसी सामान्य मरीज के लिए चुनौती से कम नहीं है। जहां सामान्य मरीज सुबह चार बजे से ही लाइन में खड़े हो जाते हैं, वहीं एम्स कर्मियों और दलालों की मिलीभगत से यह कार्य कुछ देर में ही हो जाता है। ओपीडी कार्ड बनवाने के नाम पर यह गोरखधंधा मोबाइल के जरिए चलाया जा रहा है। इसका खुलासा ओपीडी में निरीक्षण के बाद हुआ है। काउंटर पर बैठे कर्मचारी लाइन में खड़े मरीज से पहले उन मरीजों का ओपीडी कार्ड बना देते हैं, जिनका ब्यौरा कर्मचारियों के मोबाइल पर एसएमएस के जरिये पहुंचता है।
एम्स सूत्रों के मुताबिक अस्पताल के चिकित्सा अधीक्षक डॉ. डीके शर्मा ने शुक्रवार को राजकुमारी अमृत कौर ओपीडी में अचानक पहुंचकर निरीक्षण किया। इस दौरान कर्मचारियों के पास से ऐसे मोबाइल पकड़े गए, जिस पर ओपीडी कार्ड बनाने के लिए मरीजों का ब्यौरा एसएमएस किया गया था। बताया जा रहा है कि करीब चार मोबाइल जब्त किए गए हैं। हालांकि चिकित्सा अधीक्षक डॉ. डीके शर्मा ने निरीक्षण की पुष्टि तो की है लेकिन मोबाइल जब्त करने और किसी भी प्रकार की अनियमितता से इनकार किया है। दूसरी ओर सूत्रों के अनुसार ओपीडी कार्ड बनाने में धांधली की शिकायत की गई थी। शिकायत मिलने के बाद चिकित्सा अधीक्षक ने सुबह कार्ड बनाने के वक्त ओपीडी ब्लॉक में पहुंचे और निरीक्षण किया, तो मामले का खुलासा हुआ।
चिकित्सा अधीक्षक होने के नाते अस्पताल की व्यवस्था देखने के लिए अक्सर निरीक्षण करता हूं। ताकि कोई अनियमितता नहीं हो सके। कोई अलग से छापेमारी नहीं की गई थी। बल्कि रूटीन कार्य के तहत ओपीडी ब्लॉक में निरीक्षण करने गया था। कोई मोबाइल जब्त नहीं किया गया।
डॉ. डीके शर्मा, चिकित्सा अधीक्षक, एम्स।
भास्कर ने किया था अागाह

दो दिन पहले ही दैनिक भास्कर ने प्रमुखता से इस तरह की खबर लिखी थी- सिफारिश लाइए, मिलेगी तवज्जो। कर्मचारियों व दलालों के आपसी साठगांठ के जरिये ओपीडी कार्ड बनाने का लंबा खेल चल रहा है। दलाल रिश्वत लेकर मरीज का ब्यौरा ओपीडी कार्ड बनाने वाले कर्मचारी
को भेज देते हैं। एम्स में रोजाना करीब 10 हजार नए पुराने मरीज आते हैं। ऐसे में ओपीडी कार्ड बनवाने के लिए सुबह से ही मरीजों की लंबी लाइन लगती है।