पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • Cease To Exercise Choice In Delhi Haryana Government

हरियाणा चुनाव तक थम सकती है दिल्ली में सरकार की कवायद

7 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
नई दिल्ली. भाजपा की दिल्ली में सरकार बनाने की कवायद हरियाणा चुनाव तक थम सकती है। इसकी सबसे बड़ी वजह यह है कि दिल्ली में भाजपा के अनेक कार्यकर्ता राजधानी की सीमा से लगे हरियाणा के जिलों जैसे फरीदाबाद व गुड़गांव से लेकर पानीपत व रोहतक के हैं। सभी कार्यकर्ताओं की अब अपने स्थानीय चुनाव में न केवल स्वाभाविक रूप से सक्रियता बढ़ जाएगी बल्कि पार्टी की ओर से भी उन्हें अपने प्रदेश में सक्रिय होने का आदेश भी मिला है। ठीक एक महीने बाद हरियाणा में 15 अक्टूबर को चुनाव है।
राजनीतिक जानकार यह भी कह रहे हैं कि भाजपा नहीं चाहेगी कि दिल्ली में सरकार बनाने की कवायद का हरियाणा चुनाव पर गलत असर जाए। क्योंकि आम आदमी पार्टी लगातार भाजपा विधायक दल के तत्कालीन नेता डॉ. हर्षवर्धन के उस बयान का हवाला दे रही है जिसमें उन्होंने कहा था कि बहुमत न होने की दशा में मैं और मेरी पार्टी राजनैतिक आदर्शों की उच्च परंपरा का निर्वाह करते हुए नैतिकता के आधार पर विपक्ष में बैठना पसंद करेंगे। इसी बयान को दिखाकर अब आप बार-बार पूछ रही है कि आखिर अब बहुमत कैसे जुट गया? इसी आधार पर भाजपा पर खरीद-फरोख्त करने के आरोप लगाए जा रहे हैं। आप ने हाल ही में एक स्टिंग जारी किया है। हालांकि, भाजपा ने वार्ड स्तर पर अपने पार्षदों को चुनाव की तैयारी करने के लिए कह दिया है, ताकि उनके कामकाज का चुनाव पर सकारात्मक असर पड़े। वैसे भी भाजपा के पास कम से कम फरवरी तक का सुरक्षित समय है क्योंकि तब तक दिल्ली में राष्ट्रपति शासन रहने की नियमतः पूरी संभावना है।
आम आदमी पार्टी की यूथ विंग गठित
अब आम आदमी पार्टी ने भी अपनी युवा शाखा का गठन करने का फैसला किया है। पार्टी ने युवा शक्ति को बढ़ावा देने और स्वच्छ राजनीति को प्रभावी ढंग से अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने के लिए यह कदम उठाया है। पार्टी की यह युवा शाखा आम आदमी पार्टी यूथ विंग के नाम से जानी जाएगी। हालांकि औपचारिक तौर पर यूथ विंग की शुरुआत 27 सितंबर को क्रांतिकारी शहीद भगत सिंह की 107वीं जयंती के मौके पर होगी।
पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल की उपस्थिति में रविवार को आयोजित बैठक में बेरोजगारी, महिला सुरक्षा और युवाओं और देश भर के छात्रों से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों पर यूथ विंग का ध्यान केंद्रित करने का फैसला किया गया। विंग में 35 साल से कम उम्र के युवाओं को जोड़ा जाएगा। तिलक नगर से आप विधायक जरनैल सिंह को यूथ विंग का प्रदेश अध्यक्ष और करोलबाग के विधायक विशेष रवि को इसका संयोजक बनाया गया है। इसके अलावा अंकुश नारंग, बिलाल अहमद, योगेश और नंदन मिश्रा विंग के उपाध्यक्ष बनाए गए हैं और वंदना सिंह को यूथ विंग का प्रदेश सचिव बनाया गया है।