पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • Changed The Tone Of The Majority Of The Power Companies

आप के बहुमत से बिजली कंपनियों के सुर बदले, साथ मिलकर कार्य करने की इच्छा जताई

6 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
नई दिल्ली. दिल्ली के दंगल में प्रचंड बहुमत से जीत हासिल करने के बाद अब आम आदमी पार्टी के सामने बिजली कंपनियां भी सिर झुकाए खड़ी हो गई हैं। दिल्ली की राजनीतिक करवट लेते ही बिजली कंपनी बीएसईएस ने भी अपने सुर बदल दिए हैं और नई सरकार के साथ मिलकर कार्य करने की इच्छा जताई है।
रिलायंस की बिजली कंपनी बीएसईएस ने बकायदा बयान जारी करके कहा है कि दिल्ली के लोगों की ओर से मिले जबरदस्त सहयोग के लिए डिस्कॉम बीएसईएस ने आम आदमी पार्टी को बधाई दी है। कंपनी ने कहा है कि जनवरी 2014 से बिजली कंपनियों के सीएजी ऑडिट का काम प्रगति पर है औ हम ऑडिट टीम को अपना पूरा सहयोग दे रहे हैं।

बता दें कि चुनाव से पहले यही बिजली कंपनियां ऑडिट कार्य में सहयोग नहीं दे रही थी और सीएजी अधिकारी का बार-बार आरोप था कि कंपनियां सहयोग नहीं कर रही हैं। लेकिन अब राजनीतिक फिजां बदलते ही कंपनियों के सुर भी बदल गए हैं। बिजली कंपनियों को भी अच्छी तरह से अहसास है कि इस बार अरविंद केजरीवाल पूर्ण बहुमत से सरकार बनाने जा रहे हैं और अरविंद केजरीवाल पहले ही कह चुके हैं कि बिजली कंपनियों की कोई भी लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और जनता की शिकायतों पर कंपनियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
गर्मियों की शुरू हो गई तैयारी- नई सरकार को बिजली कंपनियां किसी भी मामले पर नाराज नहीं करना चाहती हैं। कंपनियां अभी से गर्मियों में बढऩे वाली बिजली की अधिकतम मांग की तैयारियां शुरू कर दी हैं। बिजली कंपनी बीएसईएस ने कहा है कि गर्मियों के लिए बिजली की व्यवस्था करने, सिस्टम को अपग्रेड करने और नेटवर्क की मरम्मत व रखरखाव का काम जोरों से चल रहा है।