पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • Chinese Presidents Xi Jinping Delhi Visit Photos

PICS: राष्ट्रपति भवन पहुंचे जिनपिंग, फर्स्ट लेडी ने बच्चों को सिखाई पेंटिंग

7 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
नई दिल्ली. चीन के राष्‍ट्रपति शी जिनपिंग अपने तीन दिवसीय दौरे पर बुधवार रात दिल्ली पहुंचे। उनके साथ उनकी पत्‍नी पेंग लियुआन भी मौजूद थीं। दिल्ली एयरपोर्ट दोनों का स्वागत समृति ईरानी ने किया था। अहमदाबाद की तरह ही दिल्ली में भी जिनपिंग के स्वागत के लिए पूरी तैयारी की गई थी। विजय चौक और राजपथ को चीन और भारत के झंडों से सजाया गया था। सबसे पहले चीनी राष्ट्रपति राजघाट पहुंचे वहां स्मृति ईरानी भी उनके साथ दिखीं। अपने टूर के दौरान जिनपिंग भारत के राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी से भी मिले। राष्ट्रपति भवन में उनका जोर-शोर के साथ स्वागत किया गया। दोनों ने काफी देर तक बातचीत भी की। वहीं पर देश के कुछ अफसरों को सम्मानित भी किया गय। इस दौरान फर्स्ट लेडी दिल्ली के एक स्कूल पहुंचीं। वहां उन्होंने बच्चों को खास चाइनीज पेंटिंग बनानी सिखाई। पूरे कार्यक्रम के बाद मोदी और जिनपिंग ने मीडिया से भी बातचीत की।
पेंग ने स्कूली बच्चों संग गाया चीनी लोकगीत
चीन की प्रथम महिला पेंग लुआन ने गुरुवार को दक्षिणी दिल्ली के टैगोर इंटरनेशनल स्कूल के बच्चों से मुलाकात के दौरान उनके साथ गीत गुनगुनाया। इस दौरान उन्होंने स्कूली बच्चों को संदेश भी दिया कि मेहनत कर वे देश को अपना योगदान दे सकते हैं। इस स्कूल में 45 मिनट के भ्रमण के दौरान पेंग ने विद्यार्थियों के साथ अपने जीवन की कुछ निजी बातें साझा करके बच्चों के मन पर अमिट छाप छोड़ी। 51 साल की पेंग प्रसिद्ध गायिका भी हैं।
स्कूल में योग की कक्षाओं की तारीफ करते हुए चीनी राष्ट्रपति की पत्नी ने कहा, ‘मैं जब पांच साल की थी तब कैली ग्राफी सीखना शुरू किया था। मेरे पिता ने मुझे सिखाया।’ पेंग ने भारतीय महिलाओं की भी तारीफ की। स्कूल की प्राचार्य मीनाक्षी सेन ने पेंग के हवाले से कहा,‘उन्होंने मुझे बताया कि वह भारतीय महिलाओं के प्रति काफी सम्मान रखती हैं। वे सुंदर हैं, मेहनती हैं और परिवार को साथ रख सकती हैं।’
पेंग ने बच्चों के लिए अपने हाथ से लिखा संदेश छोड़ा। उन्होंने कहा,‘वाकई मेरी इच्छा है कि हमारे प्रिय विद्यार्थियों को सीखते रहना चाहिए और कड़ी मेहनत करनी चाहिए ताकि आप अपने देश के प्रति योगदान दे सकें।’ बच्चे उस समय और भी ज्यादा अभिभूत हो गए जब चीन की प्रथम महिला नागरिक ने बच्चों के साथ एक लोकप्रिय चीनी लोक गीत गाया। छात्रा पीहू भारद्धाज ने कहा, ‘जब हम गा रहे थे तो वह हमारे साथ गुनगुनाने लगीं।’ सेन के मुताबिक , ‘उन्होंने कहा कि वह इस गीत को जानती हैं और यह चीन का बहुत लोकप्रिय
गीत है।’
चीनी राष्ट्रपति के विरोध में प्रदर्शन
चीन के राष्ट्रपति का विरोध कर रहे तिब्बतियों ने गुरुवार काे हैदराबाद हाउस के बाहर प्रदर्शन किया। शी जिनपिंग और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बीच हैदराबाद हाउस में द्विपक्षीय वार्ता की सूचना मिलने के बाद पूर्वाह्न करीब 11.45 बजे भारी तादाद में प्रदर्शनकारी वहां पहुंच गए। ये प्रदर्शनकारी हैदराबाद हाउस के गेट संख्या तीन के बाहर एकत्रित होकर चीन विरोधी नारे लगाने लगे। पुलिस द्वारा इन प्रदर्शनकारियों को शांत करने की तमाम कोशिशें नाकाम रहीं। हैदराबाद हाउस के मुख्य द्वार की ओर जाने का प्रयास करने पर पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच टकराव की स्थित उत्पन्न हो गई। जिसके बाद पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को हिरासत में ले लिया। वहीं तिब्बतियों के बड़े समूह ने धौलाकुआं के पास एकत्रित होकर चीनी राष्ट्रपति के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों को काबू से बाहर जाता देख पुलिस ने हल्का बल प्रयोग कर वहां से उन्हें खदेड़ दिया।
सख्त सुरक्षा व्यवस्था

चीनी राष्ट्रपति की तीन दिवसीय यात्रा के विरोध को देखते हुए राजधानी स्थित कई प्रमुख प्रतिष्ठानों की सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। चीनी दूतावास के बाहर बुधवार को हुए विरोध प्रदर्शन के मद्देनजर यहां पर त्वरित कार्रवाई के लिए रैपिड एक्शन फोर्स की चार कंपनियों को तैनात किया है। ताज होटल के बाहर दिल्ली पुलिस के कमांडो के अतिरिक्त आरएएफ की दो कंपनियों को तैनात किया गया है। चीनी राष्ट्रपति अपनी पत्नी के साथ ताज होटल में ठहरे हुए हैं। होटल के इर्द गिर्द से गुजरने वाले सभी मार्गों पर यातायात प्रतिबंधित कर दिया गया है। इसके अतिरिक्त दिल्ली पुलिस की स्पेशल ब्रांच के अधिकारी तिब्बत के प्रदर्शनकारियों की गतिविधियों पर अपनी निगाह बनाए हुए हैं। सुरक्षा के मद्देनजर चीनी राष्ट्रपति को राजधानी के जिन मार्गों से होकर गुजरना है उन मार्गों पर दिल्ली पुलिस, यातायात पुलिस और अर्द्ध सैनिक बलों के सशस्त्र जवानों को तैनात किया गया है।
जिनपिंग के कार्यक्रमों के चलते बाधित हुआ यातायात
राजधानी के विभिन्न स्थलों पर गुरुवार को चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग के कार्यक्रमों के मद्देनजर लगाए गए स्पेशल रूट ने वाहन चालकों को घंटों यातायात जाम से जूझने पर मजबूर कर दिया। यातायात जाम की सबसे दयनीय हालत मध्य दिल्ली, नई दिल्ली और दक्षिण दिल्ली के मुख्य व संपर्क मार्गों पर देखने को मिली। सबसे अधिक जद्दोजहद गुरुवार सुबह दफ्तर जाने वाले वाहन चालकों को करनी पड़ी। मध्य दिल्ली और नई दिल्ली की तमाम प्रमुख मार्गों पर यातायात संचालन प्रतिबंधित करने के चलते सभी संपर्क मार्गों पर यातायात का दबाव बहुत अधिक हो गया। नतीजतन, इन इलाकों में वाहन पूरे दिन रेंगते नजर आए। यातायात जाम की शुरुआत धौलाकुंआ से राष्ट्रपति भवन के बीच स्थित मार्गों से शुरू हुई। सुबह करीब नौ बजे राष्ट्रपति भवन में आयोजित समारोह में चीनी राष्ट्रपति की शिरकत को देखते हुए ताज होटल से राष्ट्रपति भवन के बीच स्थित कई मार्गों पर यातायात प्रतिबंधित कर दिया गया। राष्ट्रपति भवन में समारोह संपन्न होने के बाद साढ़े नौ बजे चीनी राष्ट्रपति को राजघाट पहुंचना था। जिसके चलते इंडिया गेट, फिरोजशाह रोड, तिलक मार्ग, सुभाष मार्ग, दिल्ली गेट और रिंग रोड पर वाहनों का आवागमन प्रतिबंधित कर दिया गया। इसके चलते मथुरा रोड, विकास मार्ग, कनॉट प्लेस सहित मध्य दिल्ली की लगभग सभी सड़कें यातायात जाम का शिकार हो गईं। पूर्वाह्न करीब 11 बजे हैदराबाद हाउस में आयोजित द्विपक्षीय वार्ता के चलते एक बार फिर इंडिया गेट के इर्द-गिर्द गुजरने वाले सभी मार्गों पर यातायात रोकते हुए पूरे इलाके को छावनी में तब्दील कर दिया गया।

विशेष रूट के चलते मेट्रो सेवाएं भी प्रभावित
चीनी राष्ट्रपति के विशेष रूट के चलते सड़क यातायात ही नहीं, गुरुवार को मेट्रो सेवाएं भी प्रभावित रहीं। दरअसल, गुरुवार सुबह चीनी राष्ट्रपति को मथुरा रोड से गुजरने वाली मेट्रो लाइन के नीचे से आईटीओ और रिंग रोड होते हुए राजघाट पहुंचना था। चीनी राष्ट्रपति की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए सुरक्षा एजेंसियों ने कुछ समय के लिए प्रगति मैदान और मंडी हाउस के बीच मेट्रो सेवाओं के आवागमन को बंद करा दिया। जिसके चलते द्वारका सेक्टर 21 से वैशाली और नोएडा सिटी सेंटर के बीच परिचालित होने वाली मेट्रो ट्रेनों में 10 से 15 मिनट का विलंब होना शुरू हा़े गया। पीक आवर्स होने की वजह से मेट्रो स्टेशन और मेट्रो ट्रेनों में मुसाफिरों की भारी भीड़ रही।
आगे की स्लाइड में देखिए जिंनपिंग की दिल्ली टूर की तस्वीरें।