नई दिल्ली. घरेलू हवाई सफर करने वाले मुसाफिरों को शहर के भीतर चेक इन की सुविधा उपलब्ध हो सकती है। यह सुविधा एयरपोर्ट मेट्रो एक्सप्रेस के शिवाजी स्टेडियम मेट्रो स्टेशन पर शुरू किए जाने का प्रस्ताव बनाया गया है। इस प्रस्ताव को जमीनी हकीकत में तब्दील करने के लिए इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट की विभिन्न एजेंसी, एयरलाइंस एवं मेट्रो के अधिकारी विस्तृत योजना तैयार करने में जुटे हुए हैं। इस प्रस्ताव का केंद्र घरेलू हवाई मुसाफिरों ‘सिटी चेक-इन’ को उपलब्ध कराना है। जिससे दूर दराज से आने वाले मुसाफिरों को शहर के भीतर अपना सामान चेक-इन कराने की सुविधा उपलब्ध कराई जा सके। सूत्रों के अनुसार अभी एयरपोर्ट एक्सप्रेस लाइन के नई दिल्ली मेट्रो स्टेशन पर चुनिंदा एयरलाइंस बैगेज चेक-इन की सुविधा उपलब्ध कराई करा रही हैं।
नई दिल्ली रेलवे स्टेशन के बाद शिवाजी स्टेडियम मेट्रो स्टेशन पर भी सिटी चेक-इन की सुविधा उपलब्ध कराने पर काम चल रहा है। शिवाजी स्टेशन पर यह सुविधा अनपेड एरिया में उपलब्ध कराने का प्रस्ताव है। जिससे मुसाफिर बिना टिकट लिए अपने बैगेज एयरलाइंस के सुपुर्द कर सकें। इस स्टेशन पर मुसाफिरों के बैगेज की जांच, फ्लाइटों के समय की जानकारी से संबंधित उपकरणों को लगाने के लिए तकनीकी परीक्षण किया जा रहा है। इस सुविधा के शुरू होने के बाद उन मुसाफिरों को फायदा मिलेगा जो देश के दूर दराज क्षेत्रों से आकर घरेलू फ्लाइट लेते हैं।
एयरपोर्ट मेट्रो एक्सप्रेस में कप्पस के जरिए चेक-इन की सुविधा बनेगी आसान
घरेलू हवाई यात्रा करने वाले मुसाफिरों को एयरपोर्ट मेट्रो एक्सप्रेस लाइन के नई दिल्ली मेट्रो स्टेशन पर बने एयरलाइंस चेक-इन काउंटर को कॉमन यूज पैसेंजर प्रोसेसिंग सिस्टम (कप्पस) से जोड़कर बैगेज चेक-इन की प्रक्रिया को आसान बनाया जाएगा। इस सिस्टम के जरिए एयरपोर्ट मेट्रो एक्सप्रेस के स्टेशन पर बने चेक इन काउंटरों को इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट के चेक इन काउंटरों से सीधे जोड़ दिया जाएगा। जिससे मेट्रो स्टेशन पर चेक-इन कराते ही मुसाफिरों की सभी जानकारियां आईजीआई एयरपोर्ट अौर गंतव्य स्टेशन को तत्काल उपलब्ध हो जाए। इस सुविधा के शुरू होने से मुसाफिरों को न केवल लंबी कतारों से निजात मिलेगी बल्कि कोई भी एयरलाइंस बिना किसी जद्दोजहद के मेट्रो स्टेशन पर कभी भी अपनी चेक-इन की सुविधा शुरू कर सकेगी।