पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर
डाउनलोड करेंनई दिल्ली. राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग ने दिल्ली में कथित रूप से ठंड के कारण कई बेसहारा लोगों की मौत की मीडिया रिपोर्टों का संज्ञान लेते हुए दिल्ली सरकार को नोटिस जारी कर जवाब देने को कहा है। आयोग की ओर से बुधवार को जारी वक्तव्य में रिपोर्टों के हवाले से कहा गया है कि दिल्ली सरकार हाईकोर्ट और सुप्रीम कोर्ट के निर्देशों के बावजूद बेसहारा लोगों को आश्रय देने के लिए योजना बनाने में विफल रही है। मीडिया में 19 जनवरी को आई एक रिपोर्ट में कहा गया है कि उत्तरी दिल्ली के कश्मीरी गेट के निकट पिछली रात छह लोगों की मौत हो गई। इसी तारीख की एक अन्य रिपोर्ट में कहा गया है कि राजधानी में बेसहारा लोगों के लिए रैन बसेरे न होने के कारण 12 लोगों की मौत हो गई। आयोग ने कहा है कि यदि मीडिया में आई रिपोर्ट सही है तो यह मानवाधिकारों का गंभीर उल्लंघन है। आयोग ने दिल्ली के मुख्य सचिव को नोटिस जारी कर दो सप्ताह में जवाब देने को कहा है।
आज फिर बारिश, कोहरे का कोहराम, रहिए तैयार
दिल्ली एनसीआर में दूसरे दिन भी लगातार सर्द हवाओं के बीच रुक-रुक कर होती बारिश ने बुधवार सुबह दिल्ली वासियों का स्वागत किया। दिन का अधिकतम तापमान सामान्य से तीन डिग्री लुढ़ककर 17.8 डिग्री सेल्सियस रहा। न्यूनतम तापमान 12 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग ने 24 घंटे में 4.8 मिलीमीटर बारिश दर्ज की। मौसम विभाग ने गुरुवार को भी बारिश की संभावना जताई है। इसके बाद न्यूनतम तापमान में गिरावट के साथ ही वातावरण में कोहरा बढ़ेगा। मौसम विभाग ने कहा है कि पश्चिमी विक्षोभ के कारण मौसम में यह परिवर्तन देखा जा रहा है। लगातार तीन दिनों तक बारिश की संभावना जाहिर की गई थी। दो दिन बारिश हो चुकी है। गुरुवार को भी ऐसा ही मौसम बने रहने की संभावना है। लोगों को सलाह है कि वह मौसम को ध्यान में रखते हुए अपनी दिनचर्या का ख्याल रखें।
Copyright © 2021-22 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.