नई दिल्ली. कॉमनवेल्थ गेम्स आयोजन को लेकर 670 करोड़ रुपए के घोटाले से संबंधित फाइलों के गायब होने पर आम आदमी पार्टी ने नाराजगी जताई है। पार्टी ने घोटालों की फाइलों के गुम होने पर दिल्ली प्रशासन की चुप्पी पर सवालिया निशान लगाते हुए कहा है कि केंद्रीय गृह मंत्रालय इस मामले को हल्के ढंग से ले रहा है। पार्टी ने कहा है कि दिल्ली प्रशासन फाइलों की खोज के लिए कुछ भी नहीं कर रहा है।
पार्टी की ओर से कहा गया कि कॉमनवेल्थ गेम्स 2010 में हुए घोटालों के बारे में किसी से छुपा नहीं है। लेकिन केंद्र में सत्तासीन भाजपा सरकार इस मामले को गंभीरता से लेने के बजाय मामले को रफा-दफा करने में लगी हुई है। सत्ता में आने से पहले भ्रष्टाचार से सख्ती से निपटने का वादा करने वाली भाजपा अब पीछे हट रही है। पार्टी का यह भी कहना है कि चार साल बीतने के बावजूद अब तक सरकार से कोई जवाब नहीं मिला कि अनुसूचित जाति और जनजाति के विकास से संबंधित फंड का उपयोग कॉमनवेल्थ गेम्स के आयोजन में क्यों खर्च किया गया। केंद्र सरकार ने इस मामले में दोषी मंत्रियों और अधिकारियों के खिलाफ अब तक कोई कार्रवाई नहीं की।