पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें

दिनभर तपिश , शाम होते ही मौसम हुआ कूल कूल

8 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक

नई दिल्ली ।दिल्ली के मौसम ने शनिवार शाम ढलने के साथ ही अचानक करवट बदल ली। तेज धूप और गर्मी के बाद शनिवार शाम को आंधी आने से मौसम अचानक सुहावना हो गया। वैसे तो सुबह से ही आकाश में बादल उमड़ते घुमड़ते दिखे। आंधी के बाद घंटे भर में तापमान में दो डिग्री की गिरावट दर्ज की गई। मौसम विभाग ने बताया कि पश्चिमी विक्षोभ के कारण अगले दो दिनों तक रुक-रुक कर धूल भरी आंधी चलेगी और कुछ जगहों पर बूंदाबांदी भी हो सकती है।

लेकिन इसके बाद राजधानी का तापमान 45 डिग्री सेल्सियस को भी पार कर सकता है और प्रचंड गर्मी का दौर कई दिनों तक चलेगा। मौसम विभाग के मुताबिक, रविवार को भी धूल भरी आंधी चलेगी और आकाश में बादल रहेंगे। अधिकतम तापमान 36 डिग्री सेल्सियस व न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है। वहीं शनिवार का अधिकतम तापमान सामान्य से तीन डिग्री सेल्सियस कम 36 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान सामान्य से एक डिग्री कम 24.6 डिग्री सेल्सियस रहा।

मौसम सुहावना रहने की वजह से वातावरण में आद्र्रता 46 से 29 प्रतिशत के बीच रही। इसके बाद एक सप्ताह तक राजधानी भीषण गर्मी और लू के थपेड़ों के आगोश में रहेगा और 14 मई को अधिकतम तापमान 45 डिग्री सेल्सियस को भी पार कर जाएगा। जबकि 16 से 20 मई के बीच दिल्ली और आसपास धूल के साथ गर्म हवा और अगले दो दिनों में आंधी के साथ बूंदाबांदी भी हो सकती है।

क्या है लू : जब दिन का तापमान लगातार पांच दिनों तक सामान्य से पांच डिग्री अधिक रहता है तो हवा अत्यधिक गर्म हो जाती है। भारत में पाकिस्तान की सिंधु नदी घाटी और गंगा के मैदानों के बीच वाले क्षेत्र में पश्चिम से ये हवाएं इस मौसम में चलती हैं। इसका असर मध्य जून तक रहता है फिर यह हवा अपनी दिशा बदल लेती है और पश्चिम से पूर्व की दिशा में मुड़ जाती है।