पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • Custom Commissioner Will Remain At IGI Airport

तस्करों को पकड़ने के लिए आईजीआई एयरपोर्ट पर ही रहेंगे कस्टम कमिश्नर

7 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
नई दिल्ली. तस्करी के बढ़ते प्रयास और तस्करों द्वारा आजमाएं जा रहे नए-नए हथकंडों को विफल करने के लिए इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर कस्टम विभाग को अधिक सुदृढ़ करने की पहल वित्त मंत्रालय द्वारा शुरू की गई है। इसी पहल के तहत आईजीआई एयरपोर्ट पर तैनात कस्टम अधिकारियों का नेतृत्व कमिश्नर स्तर के अधिकारी को सौंपने का निर्णय लिया गया है। जिसके तहत अब आईजीआई एयरपोर्ट पर कस्टम कमिश्नर की स्थाई तैनाती होगी।
इसके अलावा एयरपोर्ट पर कस्टम अधिकारियों की स्वीकृत पदों में भी इजाफा किया गया है। तस्करों की धरपकड़ के लिए अब आईजीआई एयरपोर्ट पर 215 कस्टम अधिकारियों की जगह करीब 350 कस्टम अधिकारियों की तैनाती की जाएगी। नए फैसलों के तहत एयर प्रिवेंटिव टीम को अधिक सशक्त बनाने पर भी खास ध्यान दिया जा रहा है।

सूत्रों के अनुसार कस्टम विभाग ने डायल से ग्रीन चैनल पर कस्टम कमिश्नर के नए दफ्तर के लिए जगह मांगी है। ग्रीन चैनल पर दफ्तर होने से सीमा शुल्क अदा किए बिना एयरपोर्ट से बाहर निकल रहे मुसाफिरों सहित कस्टम अधिकारियों द्वारा की जा रही कार्रवाई पर कस्टम कमिश्नर सीधी निगाह रख सकेंगे। सूत्रों के अनुसार एयरपोर्ट पर बीते वर्ष की अपेक्षा तस्करी के मामलों में तेजी से इजाफा हुआ है।
2012-13 में एयरपोर्ट पर सोने की तस्करी के महज नौ मामलों पर कार्रवाई करते हुए कस्टम ने 6.5 किलो सोना जब्त कर 38 तस्करों को गिरफ्तार किया था। वहीं 2013-14 में तस्करी के कुल 392 प्रयासों को नाकाम करते हुए कस्टम की एयर प्रिवेंटिव टीम ने 377.7 किलो सोना जब्त किया गया। इस साल कस्टम ने कुल 128 तस्करों की गिरफ्तारी की। वर्तमान समय में कस्टम एयरपोर्ट से रोजाना औसतन चार से पांच किलो सोना जब्त हो रहा है।