नई दिल्ली. डीडीए हाउसिंग स्कीम के आवेदकों को बैंक ने लोन के तौर पर एक लाख रुपए पंजीकरण राशि देने की तैयारी लगभग पूरी कर ली है। आवेदकों को एक लाख रुपए के एवज में 3500 से लेकर 4050 रुपए तक का अग्रिम ब्याज जमा करना होगा। डीडीए हाउसिंग स्कीम के तहत लगभग 25 हजार फ्लैट्स का ड्रॉ किया जाएगा। ईडब्ल्यूएस फ्लैट्स को छोड़कर अमूमन सभी फ्लैट्स के आवेदन के लिए लगभग एक लाख रुपए पंजीकरण राशि के तौर पर जमा करना होगा। इस योजना में 13 बैंकों को शामिल किया गया है। चूंकि योजना में अधिकांश आवेदक अपनी जेब से सीधे तौर पर एक लाख रुपए जमा करने के बजाय बैंक से लोन के जरिए पैसा भरना ज्यादा पसंद करते हैं। इसके लिए इन बैंकों ने अग्रिम ब्याज के तौर पर एक निश्चित धनराशि लेकर लोन देने का फैसला किया है।
यह धनराशि सीधे बैंक से डीडीए के खाते में चली जाएगी और यदि ड्रॉ में आवेदक का नाम नहीं आया तो पैसा दोबारा आवेदक के खाते के जरिए बैंक के पास चला आएगा। यूनियन बैंक ऑफ इंडिया ने लोन के तौर पर एक लाख रुपए पंजीकरण राशि देने के ऐवज में लगभग 3417 लेने का फैसला किया है। हालांकि इसके अलावा आवेदकों को प्रोसेसिंग चार्ज 225 रुपए और स्टांप शुल्क 150 रुपए भी जमा करना होगा। इसी तरह एक्सिस बैंक ने 4050 रुपए अग्रिम ब्याज और कॉरपोरेशन बैंक 3600 रुपए ब्याज लेगा। माना जा रहा है कि सोमवार से अधिकांश बैंक लोन देना शुरू कर देंगे। कॉरपोरेशन बैंक के अधिकारी का दावा है कि उनका बैंक कम ब्याज ले रहा है।
9 अक्टूबर के बाद शुरू हो जाएगी ड्रॉ की प्रक्रिया : डीडीए हाउसिंग स्कीम में आवेदन की अंतिम तिथि 9 अक्टूबर को समाप्त हो जाएगी। इसके बाद की ड्रॉ की प्रक्रिया शुरू हो जाएगी। डीडीए अधिकारियों के मुताबिक अक्टूबर के अंत तक स्कीम का ड्रॉ हो जाएगा।
तत्पश्चात स्कीम में असफल रहने वाले आवेदकों का पंजीकरण शुल्क वापस करने की प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी।