पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें

डीडीए हाउसिंग स्कीम: पैसा जमा कराने को सॉफ्टवेयर तैयार

7 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
नई दिल्ली. दिल्ली विकास प्राधिकरण (डीडीए) हाउसिंग स्कीम 2014 के सफल आवेदकों को ऑनलाइन पैसा जमा कराने के लिए सॉफ्टवेयर तैयार कर लिया गया है। आईसीआईसीआई बैंक द्वारा तैयार सॉफ्टवेयर को मंगलवार को डीडीए प्रशासन ने हरी झंडी दे दी। अगले एक सप्ताह के दौरान सभी सफल आवेदकों की फ्लैट की जानकारी सॉफ्टवेयर में लोड कर दिया जाएगा।
सॉफ्टवेयर में फ्लैट का नंबर, क्षेत्र और संबंधित सफल आवेदक का नाम के अलावा फ्लैट की कीमत का भी उल्लेख किया जाएगा। डीडीए उपाध्यक्ष बलविंदर कुमार के मुताबिक यह प्रक्रिया अगले एक सप्ताह में पूरा कर लिया जाएगा। इसके बाद डीडीए विकास सदन में कैंप आयोजन की प्रक्रिया शुरू कर दिया जाएगा।

प्रक्रिया के तहत सफल आवेदकों से उनके वास्तविक प्रमाण पत्रों की जांच की जाएगी। प्रमाण पत्रों की जांच पूरी होने के बाद फ्लैट पर कब्जा देने का कार्य अगले महीने शुरू कर दिया जाएगा।
जल्द शुरू होगी पैसा वापसी की प्रक्रिया
डीडीए हाउसिंग स्कीम 2014 के असफल पौने दस लाख आवेदकों की एक लाख रुपए पंजीकरण राशि की वापसी की प्रक्रिया जल्द शुरू कर दी जाएगी। डीडीए उपाध्यक्ष के मुताबिक महीने के अंत से असफल आवेदकों की पंजीकरण राशि वापस करने की प्रक्रिया शुरू हो जाएगी। नियमानुसार 15 जनवरी तक डीडीए पैसा वापस नहीं करता है तो आवेदकों को पंजीकरण राशि के साथ-साथ 8 फीसदी ब्याज का भी भुगतान करना पड़ेगा। आवेदन फार्म में साफ तौर पर लिखा है कि आवेदकों को ड्रॉ होने के एक महीने के अंदर यदि अपना पैसा वापिस नहीं मिलता है तो वो संबंधित बैंक की नोडल शाखा से संपर्क करें, जहां उन्होंने आवेदन पत्र जमा किया था।
सरेंडर के लिए आने लगे लोग
एक ही परिवार में कई लोगों के नाम अथवा पति-पत्नी दोनों के नाम पर निकले फ्लैट में से किसी एक व्यक्ति को ही फ्लैट आवंटित किया जाएगा। चूंकि ड्रॉ में कई परिवार ऐसे हैं जिनके कई सदस्यों के नाम से फ्लैट निकले हैं। ऐसे में इस तरह के आवेदकों ने डीडीए से संपर्क करना शुरू कर दिए हैं। अब तक लगभग आधा दर्जन सफल आवेदक डीडीए प्रशासन से संपर्क कर चुके हैं। उधर, तैयार किए गए सॉफ्टवेयर में ही फ्लैट के सरेंडर करने की भी व्यवस्था की गई है।