पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • बचपन से ही अरविंद केजरीवाल को एलर्जी, डायबिटीज के भी हैं मरीज

इस बार भी बीमारी में ही शपथ लेंगे केजरीवाल? 4 दिन से बुखार, शुगर भी बढ़ा

6 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
नई दिल्ली। दिल्‍ली में ऐतिहासिक चुनावी जीत दर्ज कर मुख्यमंत्री बनने जा रहे अरविंद केजरीवाल को वायरल फीवर हो गया है। केजरीवाल के पारिवारिक डॉक्टर बिपिन मित्तल ने दैनिकभास्‍कर.कॉम को बताया कि उन्‍हें चार दिन से बुखार है। मंगलवार को विधानसभा चुनाव के नतीजे आने के बाद से उनकी सक्रियता बढ़ गई है। वह न तो पूरी नींद ले पा रहे हैं और न ही आराम कर पा रहे हैं। इस वजह से उनकी बीमारी बढ़ती ही जा रही है।
गुरुवार को वह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात करने भी बीमार हालत में ही गए। वहां से लौटने पर उन्‍हें 101 डिग्री बुखार था। उन्हें दवा देकर आराम करने की सलाह दी गई है। डॉक्टर मित्तल ने बताया कि केजरीवाल शुरू से ही ऐलोपैथिक दवाओं पर कम विश्वास करते हैं।
8 तारीख से नहीं ली पूरी नींद
केजरीवाल ने 8 फरवरी से पूरी नींद नहीं ली है। इसके चलते उनका शुगर लेवल भी 170 (नॉर्मल लेवल 110) पर पहुंच गया है। डॉ. मित्तल के मुताबिक, इन दिनों केजरीवाल 2 से 3 घंटे ही सो पा रहे हैं। बीमारी से लड़ने की उनकी क्षमता भी ज्‍यादा नहीं है। वह डायबिटीज के मरीज तो हैं ही, उन्‍हें लगातार खांसी भी बनी रहती है। बचपन से ही उनको एलर्जी की समस्या है।
पिछली बार भी बीमारी की हालत में ली थी शपथ
28 दिसंबर, 2013 को जब पहली बार केजरीवाल मुख्‍यमंत्री बने थे, तब भी वह डायरिया से पीड़ित थे। उस दौरान डॉक्टरों की सलाह थी कि केजरीवाल कुछ दिन आराम करें, लेकिन उन्होंने स्वास्थ्य में थोड़ा सुधार होते ही काम करना शुरू कर दिया था। अगर इस बार भी वह पर्याप्‍त आराम नहीं करते हैं, तो संभव है कि बीमारी की हालत में ही उन्‍हें सीएम पद की शपथ लेनी पड़े। इस बार दिल्ली में मिली शानदार जीत के बाद अपने हजारों समर्थकों के साथ केजरीवाल विशाल रोड शो करने वाले थे, लेकिन अचानक स्वास्थ्य खराब हो जाने के चलते उन्हें प्लान बदलना पड़ा।