नई दिल्ली.अब पूर्वी दिल्ली में भी 27000 वर्ग मीटर क्षेत्रफल में दिल्ली हाट की तर्ज पर पूर्वी दिल्ली हाट बनाया जाएगा। दिल्ली विकास प्राधिकरण (डीडीए) ने बुधवार को एक बैठक में यह फैसला किया। हाट का निर्माण शाहदरा ड्रेन (उत्तरी व दक्षिणी हिस्सा) से मयूर विहार-एक होते हुए सीजीएचएस सोसायटी से नोएडा लिंक रोड तक नाले को कवर करके होगा। इसमें नाले का चालीस फीसदी हिस्सा कवर किया जाएगा।
इसके अलावा डीडीए ने कई महत्वपूर्ण फैसले किए। इसमें राजधानी के अस्पतालों को राहत देने वाला फैसला लेते हुए केंद्रीय शहरी विकास मंत्रालय द्वारा गठित कमेटी की सिफारिश पर अस्पतालों को कुल प्लाट का 40 फीसदी हिस्सा कवर करने की छूट दी जाएगी। यह सीमा पहले 30 फीसदी थी।
इसके अलावा फ्लोर एरिया रेशियो में भी अस्पतालों को राहत प्रदान करते हुए 24 मीटर चौड़ी सड़क पर बनने वाले अस्पतालों को 250 एफएआर, 24 से 30 मीटर चौड़ी सड़क पर 300 एफएआर और 30 मीटर से अधिक चौड़ी सड़क पर 375 एफएआर की संस्तुति दी जाएगी।इसके अलावा मेट्रो कॉरिडोर और बीआरटी (बस रेपिड ट्रांजिट) पर बनने वाले अस्पतालों को 50 फीसदी अतिरिक्त एफएआर मिलेगा।
पांच गांव हुए कंट्री होम से बाहर
दिल्ली के 32 गांवों की जमीन पर बनने वाले कंट्री होम (कम घनत्व वाले आवासीय क्षेत्र ) में से पांच गांव इस सूची से बाहर कर दिए गए हैं। अब बाकी के 27 गांवों पर ही कंट्री होम बनेंगे। इन कम घनत्व वाले आवासीय क्षेत्र को डेवलपमेंट एरिया घोषित किया जाएगा। प्रस्ताव को मंजूरी देने के साथ ही शर्त रखी गई है कि ये क्षेत्र क्षेत्रीय पार्क या हरित पट्टी में शामिल नहीं किए जाएंगे। जहां अनियोजित कालोनियां हैं, वहां का सारा प्लान दिल्ली नगर निगम तैयार करेगा। जबकि इन गांवों को वहां की आबादी के अनुसार विकसित किया जाएगा। इसके अलावा फार्म हाउस को नियमित करने के बाद जो आमदनी होगी वह एमसीडी और डीडीए के बीच बांटी जाएगी। जिसका अनुपात केंद्र सरकार तय करेगी।