नई दिल्ली. दक्षिण कोरिया के इंचियोन में आयोजित 17वें
एशियाई खेलों में दिल्ली के खिलाड़ियों ने जबरदस्त प्रदर्शन करते हुए देश का मान बढ़ाया है। दिल्ली निवासी
योगेश्वर दत्त ने कुश्ती, अभिषेक वर्मा ने तीरंदाजी, संदीप सेजवाल ने तैराकी, श्रेयसी सिंह ने निशानेबाजी और युकी भांबरी ने टेनिस में शानदार प्रदर्शन कर दिल्ली को गौरवान्वित किया है।
एशियाई खेलों में भारत ने चार स्वर्ण पदक, पांच रजत पदक और 26 कांस्य पदक सहित कुल 35 पदक हासिल किए हैं। इनमें से दो स्वर्ण, एक रजत और चार कांस्य पदक दिल्ली के खिलाड़ियों ने हासिल किए हैं। शिक्षा निदेशालय दिल्ली सरकार ने स्वर्ण पदक विजेता को 20 लाख, रजत पदक विजेता को 14 लाख और कांस्य पदक विजेता को 10 लाख रुपए की नकद पुरस्कार राशि प्रदान करने की घोषणा की है। दरअसल शिक्षा निदेशालय की ओर से इन सभी खिलाड़ियों को नियमित रूप से अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए वित्तीय सहायता दी जा रही है।
अंतरराष्ट्रीय पहलवान योगेश्वर दत्त ने फ्री स्टाइल कुश्ती के 65 किलो भार में स्वर्ण पद जीता। तीरंदाज अभिषेक वर्मा ने कम्पाउंड रिकर्व वर्ग की टीम स्पर्धा में स्वर्ण और इसी श्रेणी की व्यक्तिगत स्पर्धा में रजत पदक जीतकर दोहरी सफलता अर्जित की। अभिषेक मॉडल टाउन स्थित सीनियर सेकेंडरी सरकारी सीनियर नंबर-एक स्कूल के छात्र हैं। उन्होंने स्कूल के दिनों से ही मॉडल टाउन स्थित दिल्ली सरकार के छत्रसाल स्टेडियम के तीरंदाजी कोचिंग सेंटर से कोचिंग और प्रशिक्षण लिया है।
संदीप सेजवाल ने 50 मीटर ब्रेस्ट स्ट्रोक तैराकी में कांस्य पदक हासिल किया। उन्होंने 1994 से 2002 तक आरके पुरम सेक्टर-6 स्थित सीनियर सेकेंडरी स्कूल के तरणताल में लगातार कोचिंग और प्रशिक्षण लिया है। ऐसे ही डबल ट्रैप निशानेबाज श्रेयसी सिंह ने देश के लिए कांस्य पदक जीता है जबकि वे इसी खेल में ग्लासगो राष्ट्रमंडल खेलों में रजत पदक जीती थीं। जबकि अंतरराष्ट्रीय टेनिस खिलाड़ी युकी भांबरी ने महिला टेनिस के व्यक्तिगत वर्ग में कांस्य पदक और द्विज शरण के साथ महिला युगल वर्ग में भी में कांस्य पदक हासिल किया है। द्विज शरण इस साल इंगलैंड की विम्बलडन प्रतियोगिता में भी भाग ले चुकी है। इन खिलाड़ियों के अलावा अन्य खेलों में भी दिल्ली के खिलाड़ी प्रतिनिधित्व कर रहे हैं। उन सभी से भी पदक की उम्मीदें हैं।
आगे की स्लाइड्स में देखिए तस्वीरें।