पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • Delhi University, Students, Confusion,admission, DU

दिल्ली यूनिवर्सिटी: दाखिले के नियमों पर छात्र दिखे कन्फ्यूज

8 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
नई दिल्ली.डीयू के नॉर्थ कैंपस में चल रहे ओपनडेज सेशन के दूसरे व अंतिम दिन बेस्ट फोर और बेस्ट थ्री के चुनाव पर कॉलेज और विवि के नियमों को लेकर छात्रों में कन्फ्यूजन देखने का मिला। एक छात्र द्वारा बेस्ट फोर और बेस्ट थ्री के नियम पर पूछे गए एक सवाल का जबाव देते हुए डीन छात्र कल्याण प्रो. जेएम खुराना ने बताया कि विवि में प्रवेश के लिए दो अंक प्रतिशत बेस्ट फोर (आर्ट्स व कॉमर्स कोर्स) और बेस्ट थ्री (साइंस, एप्लायड साइंस, मैथ साइंस कोर्स) के आधार पर निर्धारित की जाती है, लेकिन कॉलेजों के पास यह अधिकार है कि वह अपने यहां दाखिले के लिए कुछ नियमों में बदलाव कर सकें।
ऐसे में छात्रों को कॉलेजों के अतिरिक्त अनिवार्य योग्यता का पालन करना होगा। प्रो. खुराना ने कहा कि विवि इस बात पर नजर रखेगा कि दाखिला प्रक्रिया शुरू हो जाने के बाद कॉलेज दाखिले के नियमों अथवा अतिरिक्त योग्यता में परिवर्तन ना करें।
दिल्ली विश्वविद्यालय में दाखिले की चाहत रखने वालों के लिए कांफ्रेंस सेंटर में इन दिनों ओपनडेज सेशन चल रहा है। ओपनडेज के दूसरे दिन छात्र व अभिभावक सबसे ज्यादा सवाल सब्जेक्ट और एंट्रेस परीक्षाओं को लेकर पूछते दिखे। इनमें इकोनोमिक्स से लेकर कॉमर्स और मैथेमैटिक्स से लेकर आर्ट्स सब्जेक्ट आदि के कॉम्बिनेशन कोर्सो से जुड़े सवाल भी खूब पूछे गए। हालांकि अतिरिक्त योग्यता के लिए पैमानों का तय किया जाना कॉलेज का होगा या यूनिवर्सिटी का इस सवाल पर छात्रों का कंफ्यूजन अंत तक बना रहा।
एक साल ड्रॉप आउट छात्र द्वारा पूछे गए सवाल के जवाब में डीन ने बताया कि यदि छात्र ड्रॉप आउट हो या फिर बारहवीं के बाद सीधे दाखिले के लिए डीयू आए तो इन दोनों स्थितियों में दाखिला प्रक्रिया समान रहेगी। हालांकि ड्रॉप आउट छात्रों को अपनी पढ़ाई छोड़ने का सही कारण लिखित रूप में विवि को उपलब्ध कराना होगा।
बीटेक कोर्स से संबंधित नियमों पर पूछे गए सवाल पर उन्होंने कहा कि बीटेक इन इनोवेशन विद मैथ/आईटी/ह्यूमेनिटीज के लिए छात्रों को डीयू से ग्रेजुएट होना जरूरी है। जबकि बीटेक कंप्यूटर साइंस, इलेक्ट्रॉनिक्स, फूड टेक्नोलॉजी में दाखिले के लिए बारहवीं छात्र आवेदन कर सकता है। अन्य कई सवालों के जवाब में उन्होंने कई जानकारियां दीं, मसलन इंटरनेशनल बोर्ड के छात्रों को अपनी परीक्षा का नतीजा लिए बिना दाखिला नहीं मिलेगा।
पर्यावरण एजुकेशन से संबंधित एक सवाल के जबाव में प्रो. खुराना ने कहा पर्यावरण एजुकेशन को बेस्ट फोर में शामिल करने का निर्णय कॉलेज करेंगे जबकि इंटरनेशनल बोर्ड के छात्रों का अंतिम परीक्षा के रिजल्ट घोषित हो जाने के बाद ही एडमिशन मिलेगा।