नई दिल्ली.गांधीनगर सामूहिक दुष्कर्म मामले की पांच साल की पीड़िता को आज एम्स से छुट्टी मिल सकती है। अस्पताल सूत्रों के मुताबिक, गुरुवार को ही एम्स प्रशासन गुड़िया को छुट्टी देने की तैयारी में था लेकिन परिवार की गुहार पर उसे एक और दिन का वक्त दिया गया। अभी चाइल्ड वेलफेयर कमेटी के कहने पर बच्ची को मां के साथ वाइएमसीए में रखा जाएगा। हालांकि यह भी उम्मीद बनी हुई है कि उसे ‘मनसा’ में भी स्थानांतरित कर दिया जाए।
परिजनों ने बताया कि डॉक्टरों के अनुसार गुड़िया का तीन चार महीने और इलाज चलेगा। बच्ची के स्वास्थ्य में सुधार के लिए वाइएमसीए में सारी सुविधाएं मुहैया कराई जाएंगी। इसके अलावा समय-समय पर एम्स के डाक्टर उसकी जांच भी करते रहेंगे। तीन महीने बाद एक सर्जरी भी की जाएगी।
वहीं चिराग दिल्ली में चार साल की बच्ची के साथ हुए दुष्कर्म के बाद उसे आज सुबह 11 बजे एम्स में भर्ती किया गया। एम्स के प्रवक्ता डॉ वाइके गुप्ता ने जानकारी दी कि जांच के बाद उसे पीडियाट्रिक सर्जरी वार्ड में रखा गया है। बच्ची की स्थिति गंभीर है हालांकि खतरे से बाहर है। लेकिन वह लगातार डॉक्टर की निगरानी में है।