पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • शराब के नशे में छेड़ रहा था लड़कियां, महिला ने जमकर की धुनाई

शराब के नशे में छेड़ रहा था लड़कियां, महिला ने जमकर की धुनाई

7 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
(छेड़छाड़ के आरोपी की पिटाई करती कंवरजीत कौर।)
 
नई दिल्ली। आईजीआई एयरपोर्ट पर छेड़खानी का शिकार हुई युवती कंवरजीत कौर ने आरोपी सहित दिल्ली पुलिस पर कई गंभीर आरोप लगाए हैं। पीड़िता कंवरजीत का कहना है कि दुबई से वापस आने के बाद वह अपने भाई का इंतजार आईजीआई एयरपोर्ट के बाहर स्थित थर्ड लेन पर कर रही थी। इसी दौरान एक शख्स वहां से गुजर रही लड़कियों पर फब्तियां कस रहा था। ज्यादातर लड़कियों ने इस शख्स को नजरअंदाज कर वहां से जाना बेहतर समझा। इसी बीच इस शख्स ने कंवरजीत को घूरना शुरू कर दिया। विरोध करने पर इस शख्स ने कंवरजीत को न केवल गालियां देना शुरू कर दी बल्कि सरेआम पीड़िता का हाथ पकड़ लिया। शख्स के दुस्साहस का विरोध करते हुए कंवरजीत ने उसे पकड़ लिया।
इस दौरान मौके पर मौजूद लोग न केवल मूकदर्शक बने रहे बल्कि चंद कदमों की दूरी पर स्थित पुलिस बूथ पर बैठे कांस्टेबल भी मदद के लिए सामने नहीं आए। मूकदर्शक लोगों से कंवरजीत ने गुहार लगाई कि आप मेरी मदद नहीं कर सकते हैं तो कम से कम आप पुलिस को ही बुला दीजिए। हालांकि इस बाबत पुलिस का कहना है कि आरोपी की पीड़िता सहित मौके पर मौजूद लोगों ने जमकर पिटाई की है। कंवरजीत का कहना है कि इसी बीच एक महिला हेड कांस्टेबल उनके पास आई और बोली कि “आप चीख क्यों रही हैं आप मेरे साथ अंदर आइए।” महिला हेड कांस्टेबल के पहुंचने के बाद कुछ पुलिस वाले भी मौके पर पहुंच गए। उन्होंने मुझे रात करीब 12 बजे पुलिस चौकी चलने के लिए कहा। इस घटना में पुलिस कर्मियों का बर्ताव ऐसा था कि जैसे मैने कोई अपराध किया हो और मै गुनहगार हूं। बड़ी मिन्नत करने के बाद मै घर जा सकी। सुबह करीब साढ़े तीन बजे पुलिस दोबारा मेरे घर मेरा बयान दर्ज करने पहुंच गई। मैने पुलिस द्वारा सहयोग न करने की बात लिखने के लिए कहा ताे उन्होंने मना कर दिया।
 
दुष्कर्म की घटना से डरकर भाई को बुलाया 
 
कंवरजीत का कहना है कि वह अक्सर दुबई आती-जाती रहती हैं। हमेशा वह कैब लेकर अपने घर चली जाती थी। उबेर कैब में रेप की घटना से वे डरी हुई थी। लिहाजा उसने अपने भाई को फोन करके एयरपोर्ट बुलाया था। उसके भाई को एयरपोर्ट आने में करीब आधा घंटे का समय लगने वाला था। भाई के इंतजार में कंवरजीत टर्मिनल थ्री के एयराइवल टर्मिनल के बाहर लेन थ्री पर खड़ी हुई थी।
 
क्या था मामला 

पुलिस के अनुसार पीड़िता गुरुवार रात्रि करीब 11 बजे दुबई से आईजीआई एयरपोर्ट के टर्मिनल थ्री पहुंची थी। एयरपोर्ट से बाहर आने के बाद वह थर्ड लेन पर अपने भाई का इंतजार कर रही थी। इसी दौरान पीड़िता ने महसूस किया कि एक शख्स उसे काफी देर से लगातार घूर रहा है। आपत्ति जाहिर करने पर आरोपी श्रवण ने पीड़िता को गाली देना शुरू कर दिया। जिससे गुस्साई पीड़िता ने आरोपी युवक को पकड़कर उसकी पिटाई शुरू कर दी। वहीं मौके पर मौजूद लोगों ने भी आरोपी की पिटाई करना शुरू कर दिया। मौके पर पहुंची पुलिस के सामने भी आरोपी पीडि़ता के साथ गाली गलौज करता रहा। जिससे गुस्साई भीड़ ने आरोपी की दोबारा जमकर पिटाई कर दी। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर उसका मेडिकल जांच कराया। जिसमें आरोपी के नशे में धुत होने की पुष्टि हुई। पूछताछ में आरोपी की पहचान एविया कंपनी के ग्राउंड हैंडलर श्रवण के रूप में की गई। पुलिस ने श्रवण को जेल भेज दिया है।