नई दिल्ली . एयर इंडिया अपने घरेलू परिचालन में ड्रीमलाइन विमानों का इस्तेमाल बुधवार से फिर शुरू करेगी। जबकि अंतरराष्ट्रीय परिचालन में इन विमानों को 22 मई से काम में लिया जाएगा। इस बीच सरकार ने मंगलवार को कहा कि कंपनी मौजूदा वित्त वर्ष में अपनी लागत में 2,000 करोड़ रुपए की कटौती करेगी।
कंपनी को दिल्ली, मुंबई चेन्नई व कोयंबटूर में अपनी परिसंपत्तियों के इस्तेमाल से 1000 करोड़ रुपए का अतिरिक्त धन मिल सकता है। इसके अलावा तेल कंपनियों द्वारा एयर इंडिया को 500 करोड़ रुपए की रियायत दिए जाने की संभावना है। इसके अलावा कर्मचारी खर्च में कमी, ऋण पर ब्याज, कार्यशील पूंजी व बुकिंग एजेंसी कमीशन में बचत आदि से कंपनी को 500 करोड़ रुपए का अतिरिक्त राजस्व मिलेगा।
नागर विमानन मंत्री अजित सिंह ने संवाददाताओं को बताया कि ड्रीमलाइनर विमान की पहली वाणिज्यिक उड़ान बुधवार को दिल्ली व कोलकाता के बीच होगी। छह बोइंग 787 विमानों में से दो में बैटरी में आग वाली घटना के बाद पहले ही बदलाव किया जा चुका है।