नई दिल्ली.डीयू में पांच जून से दाखिले की प्रक्रिया शुरू हो रही है। चार वर्षीय स्नातक कोर्स में कितने कोर्स होंगे और छात्रों को क्या पढ़ाया जाएगा, की जानकारी देने के लिए सोमवार को पहला ओपनडेज आयोजित हुआ। खचाखच भरे कॉन्फ्रेंस सेंटर में सवालों की झड़ी के बीच छात्र और अभिभावकों को कोर्स स्ट्रक्चर की जानकारी दी गई और फाउंडेशन कोर्स के फायदे भी गिनवाए गए। सवालों के जबाव डीयू के डीन स्टूडेंट वेलफेयर प्रो. जेएम खुराना, डिप्टी डीन डॉ. गुरप्रीत सिंह टुटेजा, डॉ. गुलशन साहनी और डॉ. सुचित्रा गुप्ता ने दिए।
प्रश्न : मैंने बारहवीं साइंस से की है। मैं कितने कोर्स में दाखिले के लिए आवेदन कर सकती हूं?
उत्तर : आप डीयू के सभी 40 कोर्सेज में दाखिले के लिए आवेदन कर सकती हैं। बीएससी, बीटेक के अलावा आर्ट्स और कॉमर्स कोर्सेज में भी। आर्ट्स स्ट्रीम के छात्र केवल आर्ट्स और कॉमर्स स्ट्रीम के छात्र कॉमर्स और आर्ट्स दोनों स्ट्रीम के कोर्सेज में आवेदन कर सकते हैं।
प्रश्न : चार साल की ग्रेजुएशन में क्या सीटें बढ़ी हैं? क्या कट ऑफ डाउन जाएगी?
उत्तर : देखिए सीटें उतनी ही हैं। बस सभी कोर्स ऑनर्स हो गए हैं और अगर छात्र दो साल की पढ़ाई करेगा तो उसे डिप्लोमा सर्टिफिकेट मिलेगा। तीन साल पढ़ाई करने पर बैचलर की डिग्री और चार साल का कोर्स पूरा करने पर ऑनर्स की डिग्री मिलेगी। कट ऑफ डाउन जाएगी या हाई यह बोर्ड परीक्षा परिणाम जारी होने और छात्रों द्वारा विभिन्न कोर्सो में आवेदन के बाद तैयार होने वाली मेरिट लिस्ट से तय होगा।
प्रश्न : फाउंडेशन कोर्स तो स्कूलों में भी पढ़ाए गए हैं। फिर चार साल के स्नातक में दोबारा से फाउंडेशन पढ़ाने का क्या फायदा होगा?
उत्तर : देखिए 11 फाउंडेशन कोर्स आपको 40 मुख्य विषयों के साथ अन्य विषयों के प्रति रुझान पैदा करने और उस विषय में छात्र की कमजोरी को दूर करने के लिए पढ़ाए जाएंगे। इसके अलावा एप्लाइड कोर्स के तौर पर साथ ही कुछ स्किल्स बेस्ड कोर्स और रिसर्च कोर्स भी होंगे, जो आईटी आधारित होंगे ताकि छात्रों में विषय ज्ञान के साथ ग्लोबल अप्रोच भी विकसित हो सके।
प्रश्न : बीएमएस कोर्सेज के तहत क्या पढ़ाया जाएगा? किस कोर्स में हम क्या पढ़ेंगे इसकी डिटेल कहां देखें?
उत्तर : बीएमएस कोर्सेज के तहत वोकेशनल स्टडीज के कोर्स पढ़ाए जाएंगे। जिसकी डिटेल जल्द ही वेबसाइट पर अपलोड की जाएगी। किस कोर्स में क्या आपको पढ़ाया जाएगा? इसकी डिटेल टाइप हो रही है, जिसे सप्ताह भर में डीयू की वेबसाइट पर अपलोड कर दिया जाएगा।
आगे की स्लाइड्स में देल्हिये स्टूडेंट्स ने क्या-क्या किये सवाल....