पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें

डीयू में जीव विज्ञान का पेपर व्हाट्सएप पर लीक, जांच जारी

7 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
नई दिल्ली. डीयू में जीव विज्ञान का पेपर व्हाट्सएप पर लीक होने के संदेह का मामला सामने आया है। नॉर्थ कैंपस स्थित एसजीटीबी खालसा कॉलेज में सोमवार को जीव विज्ञान की परीक्षा चल रही थी इसी बीच स्मार्ट मोबाइल फोन के व्हाट्सएप पर प्रश्नपत्र की तस्वीरें कथित रूप से शेयर होने लगी। इसे लेकर कॉलेज प्रिंसिपल की ओर से पुलिस को लिखित शिकायत देने के साथ ही विश्वविद्यालय प्रशासन को अवगत कराया है।
दरअसल, कॉलेज में परीक्षा के दौरान निरीक्षक ने छात्रों को परीक्षा कक्ष के बाहर मोबाइल फोन का उपयोग करते हुए देखा। इसकी जांच करने पर पाया गया कि उनके पास व्हाट्सएप पर प्रश्नपत्र की तस्वीरें मौजूद हैं। इस मामले पर कॉलेज प्रिंसिपल डा. जसविंदर सिंह ने कहा कि हमने इस बारे में पुलिस और डीयू प्रशासन को भनक लगते ही सूचित कर दिया। हम स्वच्छ एवं पारदर्शी तरीके से परीक्षाएं आयोजित करने में विश्वास रखते हैं। उन्होंने इस बारे में टिप्पणी नहीं की कि परीक्षा फिर से होगी या नहीं।

उन्होंने शंका जाहिर की कि ऐसा लगता है कि छात्रों ने परीक्षा शुरू होने के बाद प्रश्नपत्र एक-दूसरे को भेजा हो। कोई भी छात्र एक घंटे बाद परीक्षा कक्ष से बाहर जा सकता है। डीयू की अनुचित उपाय समिति इस मामले में फैसला करेगी। इस बारे में मौरिस नगर थाना पुलिस का कहना है कि कॉलेज की ओर से शिकायत मिली है। अभी जांच जारी है लेकिन एफआईआर दर्ज नहीं की गई है।
डीयू प्रशासन में अयोग्य लोग बैठे हैं। यही हाल एग्जामिनेशन ब्रांच का है। इसलिए आए दिन परीक्षा में गड़बड़ी सुनने को मिल रही है। पहली बार परीक्षा का मजाक इसलिए बना क्योंकि एसओएल में मई-जून की परीक्षा में कॉमर्स का पूछा गया। अब व्हाट्सएप पर पेपर लीक हो रहा है। यही मजाक नहीं तो और क्या है? डा. नंदिता नारायण, अध्यक्ष, डीयू शिक्षक संघ