नई दिल्ली.दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने जबरन उगाही करने के मामले में उत्तराखंड अल्पसंख्यक आयोग के पूर्व उपाध्यक्ष सरदार भाग सिंह के बेटे को साथी सहित गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान बलबीर सिंह (40) और उसके साथी दीपक (39) के रूप में हुई। दोनों दिल्ली के एक नामी रियल एस्टेट डेवलपर से रुपयों की उगाही करने का प्रयास कर रहे थे।
घटना में इस्तेमाल नेपाल नंबर का सिम कार्ड और फोन बरामद कर लिया गया है। डीसीपी संजीव कुमार यादव ने बताया कि ग्रेटर कैलाश थाने में बीते दिनों पीड़ित रियल एस्टेट डेवलपर ने उगाही की कॉल आने की जानकारी दी थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए केस को स्पेशल सेल को सुपुर्द कर दिया गया। जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि सभी कॉल भारत-नेपाल बॉर्डर से आ रही हैं और नंबर नेपाल का है।
सर्विलांस की मदद से पुलिस ने पहले दीपक को पकड़ा और उसकी निशानदेही पर बलबीर सिंह को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में पता चला कि बलबीर उत्तराखंड अल्पसंख्यक आयोग के पूर्व उपाध्यक्ष का बेटा है। दीपक के कहने पर वह षड्यंत्र का हिस्सा बना। दीपक पहले गाजियाबाद में छोटा-मोटा काम करता था। इसी दौरान दीपक की पहचान पीड़ित रियल एस्टेट डेवलपर से हुई थी।