नई दिल्ली. जल्द ही आप अपने
मोबाइल की स्क्रीन पर फ्री टू एयर चैनल देख पाएंगे। प्रसार भारती अगले साल से देश में डीवीबीटी (डिजिटल वीडियो ब्रॉडकास्ट टेलीविजन) सेवा शुरू करने जा रही है। अभी तक यह सेवा हॉलैंड के एम्सटर्डम में शुरू हुई है। इसके तहत एक छोटे से डिवाइस या डोंगल की मदद से कभी भी मोबाइल पर फ्री टू एयर चैनल देखा जा सकता है। प्रसार भारती के प्रमुख जवाहर सिरकार ने कहा कि डोंगल को मोबाइल से कनेक्ट करके फ्री टू एयर चैनल देखें जा सकेंगे।
मोबाइल निर्माताओं और मोबाइल सेवा देने वाली कंपनियों से बातचीत जारी है। इसके तहत 15 से 20 चैनल देखे जा सकेंगे। साथ ही हम टीवी सेट्स पर भी सिर्फ फ्री टू एयर चैनल की प्रसारण सेवा लेने के इच्छुक लोगों के लिए भी डीवीबीटी का डिजीटल एंटीना लाने की योजना पर काम कर रहे हैं।
ऐसे होगा प्रसारण
दूरदर्शन सेवा शुरू करने के लिए डीवीबी-टी2 लाइट टेक्नोलॉजी का इस्तेमाल करेगा। यानी सिगनल टीवी टावर्स से ट्रांसमिट होंगे। यूजर्स को मोबाइल इंटरनेट इस्तेमाल करने की जरूरत नहीं रहेगी।
जिस बैंडविड्थ से फ्री टू एयर चैनल्स का प्रसारण होगा, वह 20 एफएम चैनल्स को भी सपोर्ट करेगा। {विज्ञापन से ही प्रसारणकर्ता कमाई करेंगे।
शुरुआत मुंबई-दिल्ली से
माना जा रहा है कि मोबाइल फोन पर टीवी चैनल्स की सुविधा की शुरुआत मुंबई और दिल्ली से होगी। प्रसार भारती ने इसके लिए जर्मन पब्लिक सर्विस ब्रॉडकास्टर डायचे-वैले के साथ समझौता किया है। इसके बाद जल्द ही यह सुविधा जयपुर तक पहुंच सकती है।