नई दिल्ली. कांग्रेस ने प्रधानमंत्री
नरेंद्र मोदी पर तानाशाह की तरह काम करने का आरोप लगाते हुए कहा है कि उन्होंने
अमित शाह को लेकर गुजरात में जिस तरह से सरकार चलाई उसी शैली को दिल्ली में भी अपना रहे हैं। कांग्रेस नेताओं ने गुरुवार को युवा आक्रोश रैली को संबोधित करते हुए कहा कि मोदी और शाह की जोड़ी का प्रधानमंत्री कार्यालय पर कब्जा है। सिर्फ प्रधानमंत्री कार्यालय से ही सरकार चल रही है। वहीं से हर मंत्री पर कड़ी नजर रखी जा रही है और यह दोनों नेताओं का ही सरकार पर कब्जा है। पार्टी महासचिव दिग्विजय सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री कार्यालय से हर मंत्री और बड़े नेताओं के फोन टेप किए जा रहे हैं और सभी मंत्रियों पर नजर रखी जा रही है। किसी को भी मंत्री को स्वतंत्र होकर काम करने नहीं दिया जा रहा है। उन्होंने कांग्रेस उपाध्यक्ष
राहुल गांधी से कहा कि वह कांग्रेस को संभालें।
युवक कांग्रेस के कार्यकर्ताओं का उन्होंने आह्वान किया कि वे मोदी के चुनावी वादों पर नजर रखें और उनको लेकर गांव और कस्बों में जाएं तथा लोगों को बताएं कि प्रधानमंत्री ने उनसे जो वादे किए थे उनमें से कोई भी पूरा नहीं हो रहा है। उन्होंने कहा कि गांव और कस्बों में जाकर ही कांग्रेस को मजबूत बनाया जा सकता है और मनमानी पर उतर आई भाजपा सरकार को सत्ता से उखाड़ फेंका जा सकता है। आक्रोश रैली के दौरान युवक कांग्रेस अध्यक्ष राजीव सातव के नेतृत्व में रैली में शामिल युवकों ने संसद की तरफ मार्च किया लेकिन पुलिस ने उन्हें संसद मार्ग पर रोक दिया। युवकों ने हंगामा शुरु किया और जबरन पुलिस घेरा तोड़ते हुए आगे बढ़ने की कोशिश करने लगे तो पुलिस को उन्हें तितर-बितर करने के लिए हल्का बल प्रयोग करना पड़ा।
इसमें कुछ कार्यकर्ताओं को चोटें भी आई हैं। इससे पहले सातव ने आरोप लगाया कि केंद्र में सिर्फ एक आदमी की सरकार चल रही है। मोदी अपने पुराने जोड़ीदार अमित शाह को भी लेकर आए हैं और अब यह जोड़ी यहां भी वही खेल खेल रही हैं जो गुजरात में खेला था।
इस जोड़ी ने प्रधानमंत्री कार्यालय में तानाशाही का माहौल बना दिया है और यहां भी वही शैली अपना रही है, जो उसने गुजरात में अपनाई थी। उन्होंने कहा कि इस सरकार के खिलाफ देश में आक्रोश है। इसी आक्रोश की वजह से देश के कोने-कोने से युवक यहां आक्रोश रैली में शामिल होने के लिए पहुंचा है। उन्होंने कहा कि हर राज्य में केंद्र सरकार के खिलाफ लोगों में आक्रोश है इसलिए युवक कांग्रेस अगले माह से देश के हर राज्य में आक्रोश रैली का आयोजन करेगी। उन्होंने कहा कि आक्रोश रैली राज्यों की राजधानी में आयोजित की जाएगी। इसका आगाज अक्टूबर से ही हो जाएगा लेकिन उन्होंने यह नहीं बताया कि रैली की शुरुआत किस राज्य से की जाएगी।