नई दिल्ली.बोर्ड परीक्षाओं के बाद अब परिणामों की बारी है। सीबीएसई (केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड) और सीआईएसई (काउंसिल फॉर द इंडियन स्कूल सर्टिफिकेट एग्जामिनेशन) की ओर से इसी माह बोर्ड परीक्षओं के नतीजे घोषित किए जाएंगे। इसके आधार पर छात्र विभिन्न विश्वविद्यालयों में दाखिले के लिए आवेदन कर सकेंगे। बता दें कि डीयू में 5 जून से दाखिला आवेदन प्रक्रिया शुरू हो रही है।
सीबीएसई के परीक्षा नियंत्रक विनीत जोशी ने बताया कि पिछले वर्ष की भांति इस वर्ष भी रिजन वाइज कुछ राज्यों के परीक्षा परिणामों की घोषणा होगी। संभावना है कि दसवीं कक्षा के परीक्षा परिणाम 21 मई से आने शुरू हो जाएं। सभी क्षेत्रों के परिणाम 25 मई तक आ जाएंगे। इसके बाद बारहवीं कक्षा के नतीजों की घोषणा 27 से 30 मई के बीच होगी। बोर्ड नतीजों के बारे में सीआईएसई के चीफ एग्जिक्यूटिव एंड सेकेट्ररी गैरी आरथॉन कहते हैं कि 16 से 20 मई के बीच दसवीं और बारहवीं के नतीजे घोषित किए जाएंगे।
बता दें कि देश भर के सभी राज्य बोर्डो का परीक्षा परिणाम पांच जून तक आ जाएगा। जेईई मेन्स परीक्षा का फाइनल रिजल्ट भी 7 जुलाई को सीबीएसई द्वारा घोषित किया जाना है। दिल्ली आईआईटी में जेईई विभाग के चेयरमैन प्रो. एचसी गुप्ता बताते हैं कि दो जून को होने वाली जेईई एडवांस परीक्षा देने के लिए जेईई मेन्स क्वालीफाई करने वाले 1.5 लाख परीक्षार्थी 13 मई तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। जेईई एडवांस में 180-180 अंक की दो परीक्षाएं होंगी। इसका परिणाम 23 जून को जारी होगा।