बिना पैंट्रीकार वाली ट्रेनों में निजी कैटरिंग कंपनियों की घुसपैठ खत्म करने के लिए रेलवे ने ई-कैटरिंग योजना शुरू की है। अभी इसे कुछ ट्रेनों में ट्रायल के तौर पर शुरू किया गया है। जल्द ही सभी ट्रेनों में भी यह सुविधा मिलेगी। इस व्यवस्था के तहत एसएमएस या कॉल करने पर रेलवे के कर्मचारी यात्रियों की बर्थ तक खाना पहुंचाएंगे।
रेलवे की अधिकृत एजेंसी इंडियन रेलवे कैटरिंग एंड टूरिज्म कॉरपोरेशन (आईआरसीटीसी) इसकी जिम्मेदारी संभालेगी। रेलवे बोर्ड के अधिकारियों के अनुसार, इस योजना को देशभर में लागू किया जाएगा। इससे रेलवे में प्राइवेट कैटरिंग कंपनियों की दखल खत्म हो जाएगी।
इस तरह कर सकते हैं खाना ऑर्डर
यात्री टोल फ्री नंबर पर कॉल कर या एसएमएस कर खाना ऑर्डर कर सकते हैं। सुविधा शुरू होने के बाद नंबर जारी किया जाएगा। यात्रा की पूरी जानकारी जैसे पीएनआर, ट्रेन नंबर, कोच नंबर व बर्थ नंबर के साथ 139 नंबर पर एसएमएस कर खाना बुक करा सकते हैं। यात्रियों को वेज-नॉन वेज, नाश्ता व खाना मंगाने के लिए दो घंटे पहले बताना होगा।