नई दिल्ली। आम आदमी पार्टी के संयोजक अरविंद
केजरीवाल ने केन्द्र में सत्तासीन भाजपा सरकार और दिल्ली के एलजी नजीब जंग को आड़े हाथों लेते हुए आरोप लगाया कि दिल्ली में पिछले नौ महीने से विकास कार्य ठप हैं। उन्होंने इसके लिए भाजपा की केन्द्र सरकार को जिम्मेवार ठहराया है। केजरीवाल का कहना है कि महज कुछ दिनों बाद दिल्ली विधानसभा चुनाव को लेकर आचार संहिता लागू हो जाएगी और कामकाज पूरी तरह से ठप हो जाएगा। जिसका खामियाजा आम जनता को भुगतना पड़ेगा।
अगले दो महीने में 85 से ज्यादा रैलियां करेंगे केजरीवाल
आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक
अरविंद केजरीवाल अगले दो महीने में दिल्ली में 85 से ज्यादा रैलियों को संबोधित करेंगे। पार्टी के उम्मीदवारों द्बारा उनके चुनाव क्षेत्रों में प्रचार करने की बढ़ती मांग के बाद केजरीवाल ने यह फैसला किया है।
पार्टी सूत्रों ने कहा कि दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री केजरीवाल दिसंबर में 25 और जनवरी में 60 रैलियों को संबोधित करेंगे। केजरीवाल ने हर विधानसभा क्षेत्र में एक-एक और कुछ क्षेत्रों में दो-दो रैलियां करने का फैसला किया है। सूत्र ने कहा,‘लक्ष्य है कि हर विधानसभा क्षेत्र में कम से कम एक जनसभा आयोजित की जाएं। कई ऐसे क्षेत्र हैं जहां उन्हें एक बार से अधिक प्रचार करना पड़ेगा। अभी केजरीवाल हर रोज अलग-अलग क्षेत्रों में दो रैलियों को संबोधित कर रहे हैं।’