नई दिल्ली. मजबूती से उभरी आम आदमी पार्टी से मिल रही कड़ी टक्कर के बीच भाजपा की मुख्यमंत्री पद की उम्मीदवार
किरण बेदी ने शनिवार को कहा कि दिल्ली की जनता को इस शहर को नई ऊंचाई तक पहुंचाने के लिए उन्हें और प्रधानमंत्री
नरेंद्र मोदी को चुनने के मौके का फायदा उठाना चाहिए। भाजपा की जीत का विश्वास व्यक्त करते हुए किरण बेदी ने लोगों से बड़ी संख्या में मतदान करने की अपील की। मालवीय नगर विधानसभा क्षेत्र में अपना वोट डालने के बाद उन्होंने कहा कि आज ऐतिहासिक दिन हैं।
दिल्ली वासियों को यह तय करना है कि वे किस प्रकार की दिल्ली चाहते हैं- स्वच्छ दिल्ली, सुरक्षित दिल्ली, समर्थ दिल्ली, ऐसी दिल्ली जो महिलाओं का सम्मान करे। महिलाओं का सम्मान करना दिल्ली का सम्मान करना है। मैं लोगों से मतदान करने की अपील करती हूं। उन्होंने कहा,मतदाताओं को इस चुनाव में दो नेताओं का चुनने का मौका मिल रहा है। दिल्ली में मेरी जीत प्रधानमंत्री के नेतृत्व की भी जीत होगी।
पूर्वी दिल्ली की कृष्णा नगर विधानसभा सीट से चुनाव लड़ रही टीम अन्ना की पूर्व सदस्य ने कहा कि भाजपा सभी वर्गों का सर्वांगीण विकास सुनिश्चित करने के लिए कटिबद्ध है।