फोटोः कनिका शेखावत (बाएं) और उनके पोस्टर में इस्तेमाल की गई मॉडल की तस्वीर।
नई दिल्ली. दिल्ली यूनिवर्सिटी स्टूडेंट यूनियन (DUSU) के चुनावों में एक गड़बड़ी सामने आई है। यूनिवर्सिटी के हजारों छात्रों को उस समय झटका लगा, जब उन्हें पता चला कि असल में जिस चेहरे के लिए उन्होंने वोट किया, जीतने वाला चेहरा (कनिका शेखावत) उससे अलग है। एबीवीपी की उम्मीदवार कनिका शेखावत के चुनावी पोस्टरों में मॉडल नौहीद सायरसी के फोटो का इस्तेमाल किया गया। वहीं, मॉडल का कहना है कि उन्हें एक दिन पहले ही इस बारे में पता चला है कि DUSU चुनाव में उनकी तस्वीर का इस्तेमाल किया गया। नौहीद का कहना है, 'कुछ लोगों ने मुझे तस्वीरें ई-मेल की हैं। मुझे समझ नहीं आ रहा है कि मुझे क्या करना चाहिए। क्योंकि यह मामला राजनीतिक दलों से जुड़ा है, इसलिए चितिंत हूं। जिस लड़की ने मेरी तस्वीर का इस्तेमाल किया, वह चुनाव जीत गई। मैं आश्चर्यचकित हूं कि कैसे मेरी तस्वीर ने उम्मीदवार को जीतने में मदद की। मुझे लगता है कि मामला काफी बड़ा हो रहा है और इसे सुलझा लेना चाहिए।'
ठगा-सा महसूस कर रहे छात्र
शेखावत को वोट देकर DUSU सेक्रेटरी बनाने वाले छात्र खुद को ठगा हुआ महसूस कर रहे हैं। पश्चिमी दिल्ली के कॉलेज के एक छात्र राहुल मेहरा का कहना है, "ये उम्मीदवार कैंपस के बाहर के कॉलेजों में कम ही जाते हैं, लिहाजा हम पोस्टर के माध्यम से ही उन्हें जान पाते हैं।" एक अन्य छात्र स्वाति सिन्हा शेखावत पर तंज कसते हुए कहती हैं, "शायद उन्हें (कनिका शेखावत) लगा हो कि वह फोटोजेनिक नहीं है, जंग और चुनाव में सब जायज है।"
विवाद को शेखावत ने बताया साजिश
कनिका शेखावत का कहना है कि उन्होंने अपने पोस्टर के साथ ऐसा कुछ नहीं किया है और यह विरोधी संगठन एनएसयूआई की साजिश है। शेखावत ने कहा, "मेरी जानकारी में यह मामला आया था कि मेरे चुनावी पोस्टर पर नौहीद सायरसी की तस्वीर का इस्तेमाल किया गया है। मुझे यकीन है कि यह एनएसयूआई ने किया था, ताकि वह मेरा नामांकन रद्द करा सके। मैंने इसके बारे में पुलिस हेडक्वार्टर में शिकायत भी दर्ज कराई। बावजूद इसके मेरी जीत एनएययूआई के मुंह पर तमाचा है।"
एनएसयूआई बोली- गलती स्वीकार करे
कांग्रेस के छात्र संगठन एनएसयूआई के राष्ट्रीय अध्यक्ष का कहना है, "हमारे संगठन में ऐसी संस्कृति नहीं है कि किसी उम्मीदवार को गैरजरूरी मसलों को लेकर निशाना बनाया जाए। एबीवीपी ने चुनाव में कई तरह की गड़बड़ी की हैं। उन्हें अपनी गलती स्वीकार करनी चाहिए।"
मिरांडा कॉलेज से ग्रैजुएट हैं शेखावत
मिरांडा कॉलेज से राजनीति विज्ञान में ग्रैजुएट शेखावत यूनिवर्सिटी के साउथ कैंपस से एमए की छात्रा हैं। मूल तौर पर राजस्थान की शेखावत पिछले तीन सालों से एबीवीपी से जुड़ी हैं। शेखावत ने महिला संबंधी मुद्दों के सहारे चुनाव जीता है। चुनाव प्रचार के दौरान उन्होंने कहा था, "मैं महिला सुरक्षा और उनके सशक्तीकरण पर जोर दूंगी। महिला विकास सेल को दोबारा शुरू कराना मेरी प्राथमिकताओं में शामिल हैं।" उन्होंने एनएसयूआई के अमित तीमा को 3022 वोटों से मात दी।
कौन है नौहीद
नौहीद ने उदय चोपड़ा के साथ 'सुपारी' फिल्म से अपना फिल्मी सफर शुरू किया था। इसके बाद उन्होंने विक्रम भट्ट के निर्देशन में बनी फिल्म 'इंतेहा' में काम किया। वह जीटीवी के शो 'हिप हिप हुर्रे' में काम कर चुकी हैं।
इसके अलावा वह 'लकीर' में मुख्य भूमिका में भी नजर आईं। वह खतरों के खिलाड़ी-लेवल 2 में भी प्रतिभागी रहीं और आखिरी पांच प्रतिभागियों में भी पहुंची थीं।
आगे की स्लाइड में देखिए नौहीद सायरसी की तस्वीरें...