पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें

अब विधायकों के लिए शिष्टाचार की पाठशाला, प्रभावी बनने के सिखाए जाएंगे गुर

7 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक

नई दिल्ली. दिल्ली के विधायकों को अब शिष्टाचार का पाठ पढ़ाया जाएगा। विधायकों को प्रशिक्षण के लिए गुरुवार से विधानसभा में दो दिवसीय प्रबोधन (ओरिएंटेशन) कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। पहले दिन लोकसभा सचिवालय के ओएसडी वीके शर्मा जबकि दूसरे दिन लोकसभा सचिवालय के भूतपूर्व सचिव एसके शर्मा विधायकों को प्रभावी विधायक बनने के गुर सिखाएंगे।

विधानसभा अध्यक्ष मनिंदर सिंह धीर का कहना है कि इस बार दिल्ली के 70 विधायकों में से 45 विधायक पहली बार चुन कर आए हैं इसलिए उन्हें सदन की प्रक्रिया व संचालन के नियमों की पूर्ण जानकारी नहीं हैं। अत: प्रबोधन कार्यक्रम के जरिए विधायकों को विधायी प्रक्रियाओं से संबंधित जानकारी दी जाएगी। इसके तहत विधानसभा में प्रश्न पूछने तथा शून्य काल में अपने विधान सभा क्षेत्र की समस्याओं से संबंधित मामलों को उठाने का तरीका बताया जाएगा। इसके अलावा विधायकों को सदन में शिष्टाचार, प्रथाएं एवं परंपराएं, संसदीय विशेषाधिकार, विधायी कार्य विधि, प्रश्न एवं शून्य काल, दिल्ली का प्रशासनिक ढांचा इत्यादि के बारे में भी जानकारी दी जाएगी।

आम आदमी पार्टी के 28 विधायक पहली बार चुनाव जीत कर आए हैं। इसके अलावा अन्य दलों के 17 विधायक भी पहली बार विधानसभा की दहलीज पर पहुंचे हैं। जिन्हें विधानसभा के नियमों के बारे में काफी कम जानकारी है। मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल दिन में दो बजे कार्यक्रम का उद्घाटन करेंगे।

॥इस बार 45 विधायक पहली बार चुन कर आए हैं इसलिए उन्हें सदन की प्रक्रिया व संचालन के नियमों की पूर्ण जानकारी नहीं हैं। अत: प्रबोधन कार्यक्रम के जरिए विधायकों को विधायी प्रक्रियाओं से संबंधित जानकारी दी जाएगी।
मनिंदर सिंह धीर, अध्यक्ष (विधानसभा)