पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें

मंत्रियों की सूची तैयार, सिसौदिया उपमुख्यमंत्री, चार नए चेहरे शामिल होने की संभावना

6 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
नई दिल्ली. आम आदमी पार्टी ने अप्रत्याशित जीत के बाद सरकार गठन की तैयारी पूरी कर ली है। केजरीवाल सरकार में कौन-कौन मंत्री होगा इसकी सूची भी तैयार हो गई है। पार्टी के वरिष्ठ नेता मनीष सिसौदिया उपमुख्यमंत्री बनने जा रहे हैं और इसके साथ ही इस बार केजरीवाल की सरकार में तीन से चार नए चेहरे शामिल किए जाने की संभावना है।
शनिवार को 12 बजे रामलीला मैदान में केजरीवाल मुख्यमंत्री पद की शपथ ग्रहण करेंगे। सूत्रों ने बताया कि पूर्ववर्ती आप सरकार में रह चुके सौरभ भारद्वाज, राखी बिड़लान, सोमनाथ भारती और गिरीश सोनी को इस बार कैबिनेट में शामिल किए जाने की संभावना नहीं है।
सूत्रों के अनुसार, ‘आप’ ने जीतेंद्र तोमर (त्रिनगर), संदीप कुमार (सुल्तानपुर माजरा) और असीम अहमद (खान मटिया) महल को सरकार में शामिल करने का फैसला किया है। खान सरकार में एक मात्र अल्पसंख्यक चेहरा होंगे।
करावल नगर से विधायक कपिल मिश्रा का नाम मंत्री पद के लिए चर्चा में था, लेकिन बाद में उनकी जगह बाबरपुर से विधायक गोपाल राय को मंत्री बनाने का फैसला किया गया। ये चारों पहली बार विधायक बने हैं और उन्हें शामिल करने का फैसला ‘आप’ की राजनीतिक मामलों की कमेटी ने गुरुवार तड़के लिया। उपराज्यपाल नजीब जंग को गुरुवार को मंत्रियों की सूची भेज दी गई है।
सिसौदिया पूर्ववर्ती आप सरकार में दूसरे नंबर पर थे और उन्होंने शिक्षा, लोक निर्माण विभाग, शहरी विकास एवं लोक निर्माण विभाग जैसे अहम विभाग संभाले थे। सिसौदिया ने इस बारे में कहा, ‘औपचारिक घोषणा होने से पहले बात करना उचित नहीं होगा।’ सूत्रों ने बताया कि सिसौदिया को उप मुख्यमंत्री बनाए जाने का निर्णय ‘आप’ की राजनीतिक मामलों की समिति पीएसी की बुधवार रात केजरीवाल के कौशांबी आवास पर हुई बैठक में लिया गया।
सिसौदिया को यह जिम्मेदारी इसलिए दी जा रही है ताकि मनोनीत मुख्यमंत्री केजरीवाल पार्टी को राष्ट्रीय स्तर पर स्थापित करने पर अपना ध्यान केंद्रित कर सकें। पार्टी ने रामनिवास गोयल शाहदरा को दिल्ली विधानसभा का अध्यक्ष और शालीमार बाग से जीत दर्ज करने वाली वंदना कुमारी को उपाध्यक्ष बनाने का निर्णय लिया गया है। वंदना ‘आप’ की महिला शाखा का नेतृत्व भी कर रही हैं।
पूर्व स्वास्थ्य मंत्री और शकूर बस्ती से विधायक सत्येंद्र जैन को एक बार फिर कैबिनेट में जगह दी जा सकती है। ग्रेटर कैलाश से विधायक सौरभ भारद्वाज ने निजी कारणों से नई सरकार से बाहर रहने का फैसला किया है।
पूर्व महिला एवं बाल कल्याण मंत्री राखी बिड़लान एवं श्रम मंत्री गिरीश सोनी की सेवाएं संगठन के लिए इस्तेमाल की जाएंगी। सिसौदिया को शिक्षा एवं शहरी विकास सहित कई अन्य विभाग दिए जा सकते हैं। पेशे से वकील तोमर को कानून मंत्री बनाया जा सकता है। सूत्रों के मुताबिक, शाहदरा के विधायक रामनिवास गोयल को विधानसभा अध्यक्ष बनाया जा सकता है।
शपथ से पहले ही आदेश, कार्रवाई शुरू
दिल्ली के भावी मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के शपथ लेने के पहले ही उनके आदेश पर सरकारी अमले ने कार्रवाई शुरू कर दी है। मुख्य सचिव डीएम स्पोलिया ने गुरुवार को आप के घोषणा पत्र के 70 प्वाइंट वायदों को अमलीजामा पहनाने की दिशा में 12 कमेटियों का गठन कर रिपोर्ट तैयार करने के लिए दो दिन का समय दिया है। हालांकि बुधवार को केजरीवाल ने मुख्य सचिव को तलब कर 70 प्वाइंट मैनिफेस्टो पकड़ा कर 19 तक सभी वायदों को पूरा करने का ब्लू-प्रिंट तैयार करने का निर्देश दिया था।
7 सदस्यीय होगी कैबिनेट
मुख्यमंत्री के रूप में केजरीवाल सात सदस्यीय कैबिनेट की अध्यक्षता करेंगे जिसमें मनीष सिसौदिया उप-मुख्यमंत्री होंगे और चार नए चेहरों को शामिल किया जाएगा। सूत्रों के मुताबिक, नई कैबिनेट में किसी महिला को जगह नहीं दी जाएगी। पार्टी ने उप-राज्यपाल नजीब जंग को सात कैबिनेट मंत्रियों की एक सूची सौंपी है।
भारती को जगह नहीं
आधी रात को कथित तौर पर एक भीड़ की अगुवाई करते हुए अफ्रीकी महिलाओं के मकान में की गई छापेमारी से जुड़े मामले में जब तक पूर्व कानून मंत्री सोमनाथ भारती को ‘क्लीन चिट’ नहीं मिल जाती, तब तक उन्हें कैबिनेट मंत्री नहीं बनाया जाएगा।
नए विधायकों को मिलेगा प्रशिक्षण
छठवीं विधानसभा के लिए पहली बार चुने गए विधायकों के लिए जल्द ही आप एक प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन करेगी। इसमें पहली बार चुने गए विधायकों को सरकार के कामकाज के तरीके, विधायक निधि के उपयोग का तरीका, अधिकारियों एवं जनता से बेहतर संवाद के लिए पार्टी के आला नेता और दिल्ली सरकार के वरिष्ठ अधिकारी जानकारी देंगे।
प्रशिक्षण में इस बात का विशेष ध्यान दिया जाएगा कि चुनाव से पहले आप द्वारा जनता से किए गए वादों को पूरा करने के लिए किस स्तर तक और कैसे कार्य करना है। पार्टी के 67 विधायकों में 44 विधायक पहली बार विधानसभा पहुंचे हैं। इनके पास सरकार और सचिवालय की कार्यशैली के बारे में अनुभव नहीं है।
शपथ ग्रहण समारोह में किसी दल को निमंत्रण नहीं
शनिवार को होने वाले शपथ ग्रहण समारोह के लिए किसी भी राजनीतिक पार्टी के नेता या किसी भी राज्य के मुख्यमंत्री को निमंत्रण पत्र नहीं भेजेगी। आप ने कहा कि उसने केवल प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री राजनाथ सिंह, केंद्रीय शहरी विकास मंत्री वेंकैया नायडू और लोकसभा में दिल्ली का प्रतिनिधित्व करने वाले सात सांसदों को रामलीला मैदान में आयोजित होने वाले शपथ ग्रहण समारोह के लिए निमंत्रित किया है।
एक वरिष्ठ आप नेता ने यह जानकारी दी। उन्होंने दिल्ली सरकार सुचारु रूप से कामकाज के लिए केंद्र से सहयोग चाहती है।’ इसके अलावा किसी पार्टी या अन्य नेता को निमंत्रण नहीं देंगे। समारोह मेें 50 हजार से एक लाख लोग हिस्सा ले सकते हैं।
संजय श्रीवास्तव फिर बन सकते हैं मुख्य सचिव, राजेंद्र कुमार सीएम दफ्तर में प्रमुख सचिव
दिल्ली के भावी मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल शनिवार को पद की शपथ लेने के बाद एक बार फिर से नौकरशाहों की अपनी भरोसेमंद टीम को ही फिर से चुन सकते हैं। इस बात के साफ संकेत मिल रहे हैं कि शहरी विकास सचिव राजेंद्र कुमार को केजरीवाल मुख्यमंत्री कार्यालय के सचिव के रूप में बुला सकते हैं। कुमार पिछली बार 49 दिन की सरकार में भी इस पद पर थे। इसकी भी पूरी संभावना है कि दिल्ली वित्त निगम के चेयरमैन संजय के श्रीवास्तव को वे नया मुख्य सचिव बना सकते हैं।
फिलहाल डीएम स्पोलिया मुख्य सचिव हैं। स्पोलिया का कार्यकाल 31 जनवरी को ही समाप्त हो गया था लेकिन वह एक महीने के एक्सटेंशन पर हैं और इस महीने के अंत में रिटायर होंगे। शीला सरकार के दौरान मुख्य सचिव रहे स्पोलिया को पिछली बार सरकार में आते ही केजरीवाल ने वित्तीय आयुक्त बना दिया।
तब श्रीवास्तव केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय में अतिरिक्त सचिव व वित्तीय सलाहकार थे। इन दिनों श्रीवास्तव जन शिकायत आयोग के अध्यक्ष हैं। उप-राज्यपाल नजीब जंग की प्रमुख सचिव नूतन गुहा बिस्वास भी मुख्य सचिव के पद के लिए लौबिंग कर रही हैं। कॉमनवेल्थ गेम्स के दौरान बिस्वास लोक निर्माण विभाग की प्रमुख सचिव रह चुकी हैं।
सचिवालय में कई और फेरबदल होने की संभावना जताई जा रही है। दिल्ली जल बोर्ड के मुख्य कार्यकारी अधिकारी, ऊर्जा विभाग के प्रधान सचिव सहित अन्य कई अधिकारियों को बदले जाने की भी चर्चा है ताकि केजरीवाल मुफ्त पानी व सस्ती बिजली जैसे अपने वायदों को जल्द से जल्द पूरा कर सकें।
जहां तक केजरीवाल के निजी एप्वाइंटमेंट तय करने के लिए आप कार्यकर्ता अश्वथी नैयर को ही एक बार फिर निजी सचिव के तौर पर नियुक्त किया जा सकता है। केजरीवाल के पिछले कार्यकाल में भी अश्वथी इसी पद पर थीं।
केजरीवाल को बुखार, आराम करने की सलाह
नई दिल्ली। दिल्ली के मुख्यमंत्री बनने जा रहे आम आदमी पार्टी के संयोजक अरविंद केजरीवाल को बुखार हो जाने के कारण डाक्टरों ने आराम करने की सलाह दी है। सूत्रों के अनुसार तबियत खराब होने के बावजूद केजरीवाल गुरुवार सुबह प्रधानमंत्री से मिलने सात रेसकोर्स रोड पहुंचे थे। हालांकि इस मुलाकात के बाद वह तुरंत कौशांबी में अपने घर लौट गए।
केजरीवाल के पारिवारिक चिकित्सक विपिन मित्तल ने उन्हें पूरी तरह से आराम करने की सलाह दी है। केजरीवाल को 101 डिग्री बुखार है और साथ ही सर्दी खांसी भी हो गई है। इस बीच पार्टी नेताओं के बैठक कर सरकार गठन की योजनाएं भी बना रहे हैं।