नई दिल्ली। दिल्ली विधानसभा चुनाव में भाजपा की बुरी हार के साथ ही पार्टी की मजबूत सीट कृष्णा नगर से उसकी सीएम प्रत्याशी
किरण बेदी भी हार गई हैं। उन्हें आम आदमी पार्टी के एसके बग्गा ने 2476 वोटों से हराया। पेशे से वकील और आप पार्टी से पहली बार चुनाव लड़ रहे एसके बग्गा ने जिस कृष्णानगर सीट से किरण बेदी को हराया है वह हर्षवर्द्धन की परंपरागत सीट रही है। बग्गा ने मीडिया के सामने अपनी जीत का ऐलान करते हुए कहा कि वह कृष्णा नगर के स्थानीय उम्मीदवार थे, यही वजह है कि जनता ने उन्हें चुना और किरण बेदी को ठुकराया। आइए जानते हैं कौन हैं बग्गा, जिन्होंने बीजेपी की सीएम कैंडिडेट किरण बेदी को दी मात...
- एस के बग्गा पेशे से वकील होने के साथ ही दिल्ली में सामाजिक कार्यकर्ता के तौर पर भी सक्रिय हैं।
- बग्गा अण्णा हजारे के नेतृत्व वाले जनलोकपाल आंदोलन में काफी सक्रिय रहे थे। यहां तक कि उनकी फैमिली भी इस आंदोलन में शामिल थी।
- बग्गा पहले कांग्रेस के कार्यकर्ता थे। 2014 के लोकसभा चुनाव से पहले वे आम आदमी पार्टी में शामिल हुए।
- बग्गा 1993 से ही कृष्णा नगर की भगवान श्रीराम चंद्र दशहरा धार्मिक कमेटी के प्रेसिडेंट हैं। यह कमेटी गरीब और जरूरत मंद बच्चों की शिक्षा के लिए भी काम करती है।
- बग्गा आम आदमी पार्टी में कारोबारी वर्ग की आवाज़ के तौर पर भी जाने जाते हैं। उन्होंने कारोबारियों के लिए वैट को सामान्य तौर पर लागू करने का खाका तैयार किया है।
एक नजर
नाम : एसके बग्गा
उम्र : 61 साल
शिक्षा : पोस्ट ग्रैजुएट
पेशा : वकालत
कुल संपत्ति : 7 करोड़ 41 लाख 41 हजार 683 रुपए