नई दिल्ली. लोकनायक जयप्रकाश अस्पताल के स्टाफ क्वार्टर में एक नर्स की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पुलिस ने निर्मल (45) नामक नर्स का शव बाथरूम में बरामद किया है। निर्मल का सिर बाथरूम में रखे टब में डूबा हुआ था और फ्लैट का सामान बिखरा हुआ था। मौका-ए-वारदात का मुआयना करने के बाद पुलिस ने लूटपाट के इरादे से नर्स की हत्या की आशंका से इंकार किया है।
हत्यारों की फ्रेंडली इंट्री को देखते हुए पुलिस संभावना ने जताई है कि जांच की दिशा को भ्रमित करने के इरादे से घर के सामान को बिखेरा गया है। आईपी स्टेट थाना पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर मृतका के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस के अनुसार पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद कई सवालों के जवाब सामने आ जाएंगे। पुलिस के अनुसार
सोनीपत के खरखोदा की रहने वाली नर्मल बीस सालों से लोकनायक जयप्रकाश अस्पताल में बतौर नर्स कार्यरत थी।
करीब दस साल पहले पति से अलग होने के बाद निर्मल स्टाफ क्वार्टर के फ्लैट नंबर 108 में अकेले रह रही थी। शनिवार को छुट्टी होने के चलते वह अपनी मां से मिलने गांव जाती थी। इस शनिवार गांव नहीं जाने पर परिजनों ने फोन कर उसकी हाल चाल लेना चाहा। लेकिन निर्मल ने फोन नहीं उठाया। अनहोनी की आशंका के चलते निर्मल का भाई उससे मिलने के लिए स्टाफ क्वार्टर पहुंचा जहां उसने निर्मल के फ्लैट का लॉक बाहर से बंद पाया। घर के भीतर दाखिल होने पर उसने पाया कि सारा सामान बिखरा हुआ है और निर्मल बाथरूम में पड़ी हुई है। जिसके बाद रात्रि करीब साढ़े दस बजे उसने इस घटना की जानकारी पुलिस को दी। मध्य जिला पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी सहित क्राइम टीम मौके पर पहुंच गई। प्रारंभिक तफ्तीश में पुलिस ने हत्या में किसी परिचित का हाथ होने की आशंका जताई है।