नई दिल्ली. कांग्रेस के वरिष्ठ नेता अजय माकन ने शनिवार को अपना वोट डालने के बाद कहा कि उनकी पार्टी
दिल्ली विधानसभा चुनाव में "निहायत बढ़िया' प्रदर्शन करेगी और उम्मीद जताई कि पार्टी अपने दम पर सरकार बनाएगी। राजौरी गार्डन मतदान केन्द्र पर मतदान करने के बाद माकन ने संवाददाताओं से कहा,मुझे पूरी उम्मीद है कि कांग्रेस "निहायत बढि़या' प्रदर्शन करने जा रही है और हम अपने दम पर सरकार बनाएंगे।
लोगों को 10 फरवरी को एक बड़े अचरज के लिए तैयार रहना चाहिए। उन्होंने कहा, मैं उनसे लोगों से आग्रह करता हूं कि बड़ी संख्या में मतदान के लिए आएं। यह बहुत खास दिन है और हम सबके लिए एक- एक वोट बहुत महत्वपूर्ण है। कांग्रेस नेता ने कहा कि दिल्ली के बहुत से मुद्दे हैं, जिन्हें हल किए जाने की जरूरत है और सुशासन प्रदान करना समय की आवश्यकता है।
उन्होंने कहा, केंद्रशासित क्षेत्र होने केे नाते दिल्ली में बहुत सी प्रशासनिक इकाइयां और इनकी पेचीदगियां अन्य राज्यों से अलग हैं। हमें कुछ ऐसे लोगों और एक मुख्यमंत्री की जरूरत है, जो इन मामलों पर पार पा सकें और सुशासन प्रदान कर सकें। माकन ने कहा कि चुनाव प्रचार अभियान के दौरान कांग्रेस ने अन्य दलों की तरह एक-दूसरे के खिलाफ वाहियात टिप्पणियां करने की बजाय महत्वपूर्ण मामले उठाते हुए अच्छा प्रचार किया।