नई दिल्ली.राजधानी में गर्मी शनिवार से अपने प्रचंड रूप में दिख सकती है। मौसम विभाग ने यह चेतावनी दी है कि यानी शनिवार और रविवार को राजधानी में गर्म हवा और धूल से भरी आंधी आएगी। इसके अलावा अगले सप्ताह भीषण गर्मी और लू के थपेड़े राजधानी को अपने आगोश में ले सकते हैं। मौसम विभाग के अनुसार, 14 मई को यहां का तापमान 45 डिग्री सेल्सियस पार कर जाएगा जबकि 16 से 20 मई के बीच दिल्ली और आसपास लू का सिलसिला शुरू हो जाएगा। हालांकि मौसम विभाग यह भी संभावना जता रहा है कि अगले दो दिन आंधी के साथ बूंदाबांदी हो सकती है।
मौसम विभाग के अनुसार, मंगलवार को दिल्ली व आसपास का अधिकतम तापमान 45 डिग्री सेल्सियस रहेगा जबकि बुधवार को लू चलने का सिलसिला शुरू होगा। 2 जून तक यह सिलसिला जारी रहने की उम्मीद है। इस दौरान अधिकतम तापमान सामान्य से करीब पांच डिग्री सेल्सियस ऊपर पहुंच जाएगा जिससे वातावरण में आद्र्रता के स्तर में भी कमी आएगी और तेज गर्म हवाएं शरीर को झुलसा सकती हैं।
मौसम विभाग ने इसकी वजह पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने को बताया है। इस वजह से नॉर्थ पाकिस्तान से होकर आने वाली तेज आंधी राजधानी में शनिवार और रविवार को पहुंचेगी और यहां तेज आंधी के साथ बूंदाबांदी की संभावना है। इससे कुछ वक्त के लिए गर्मी से राहत मिल सकती है।बता दें कि शुक्रवार को राजधानी का तापमान 40.6 डिग्री सेल्सियस रहा जो औसत से एक डिग्री अधिक है जबकि न्यूनतम तापमान 25.5 डिग्री रहा।