नई दिल्ली.महिला मुसाफिरों की लगातार मिल रही शिकायतों पर डीएमआरसी ने विचार करते हुए अब सभी स्टेशनों पर महिलाओं की सुरक्षा जांच के लिए नए तरीके के फ्रिस्किंग बूथ लगाने का फैसला किया है। डीएमआरसी ने नए फ्रिस्किंग बूथ का मॉडल तैयार कर लिया है। नए फ्रिस्किंग बूथ एयरपोर्ट पर मौजूद फ्रिस्किंग बूथ से बहुत कुछ मिलते जुलते होंगे। नए बूथों को लेकर डीएमआरसी की टेंडर प्रक्रिया अंतिम चरण में है।
मेट्रो सुरक्षा से जुड़े एक वरिष्ठ अधिकारी के अनुसार कई महिला मुसाफिरों की शिकायत थी कि कुछ मेट्रो स्टेशनों पर पर्दो से बने फ्रिस्किंग बूथ की हालत ऐसी है कि बाहर खड़ा व्यक्ति पूरी जांच प्रक्रिया को साफ तौर पर देख सकता है। इससे कई बार महिलाओं के लिए असहज स्थिति भी उत्पन्न हो जाती है। इसे देखते हुए डीएमआरसी ने नए फ्रिस्किंग बूथ का मॉडल तैयार किया है।
यह बूथ फाइबर या प्लाईवुड से बना होगा। इसमें प्रवेश और निकास द्वार पर पर्दे लगे होंगे। बूथ की चारदीवारी के रूप में इस्तेमाल प्लाईवुड या फाइबर को एक कांच की पारदर्शी पट्टी से जोड़ा जाएगा ताकि फ्रिस्किंग के दौरान बूथ के अंदर मौजूद महिला मुसाफिर को एक्स-रे पर हो रही उसके सामान की जांच सीधे नजर आ सके। कम ऊंचाई वाली महिलाओं के लिए बूथ के अंदर एक छोटा डायस भी होगा। जिसकी मदद से कम ऊंचाई वाली महिलाएं इसका इस्तेमाल कर कांच की पट्टी से एक्स-रे पर हो रही सामान की जांच को देख सकें।