पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • Metro Trains Will Pass Through The High Track

सात मंजिला इमारत के बराबर धौलाकुंआ में 23.6 मीटर ऊंचे ट्रैक से गुजरेगी मेट्रो ट्रेन

7 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
नई दिल्ली. भविष्य में धौलाकुंआ पर मेट्रो दिल्ली के सबसे ऊंचे ट्रैक पर दौड़ेगी। यह मेट्राे ट्रैक जमीन से करीब 23.6 मीटर ऊंचा है। यह ऊंचाई किसी सात मंजिला इमारत के बराबर है। यहां पर मुख्य सड़क के ऊपर से एयरपोर्ट मेट्रो एक्सप्रेस गुजर रही है। एयरपोर्ट मेट्रो एक्सप्रेस के ऊपर इस मेट्रो ट्रैक का निर्माण किया जा रहा है। यह मेट्रो ट्रैक 59 किमी लंबे मजलिस पार्क-शिव विहार कॉरीडोर का हिस्सा है। अभी तक दिल्ली के सबसे ऊंचे ट्रैक द्वारका सेक्टर 21-वैशाली कॉरीडोर पर कड़कडड़ूमा के पास था। इस मेट्रो ट्रैक की जमीन से ऊंचाई करीब 19 मीटर है। उल्लेखनीय है कि दिल्ली के सबसे ऊंचे ट्रैक के निर्माण कार्य के लिए न ही रिंग रोड से सरदार पटेल मार्ग की ओर जाने वाले सड़क यातायात को रोका गया है आैर न ही किसी तरह से एयरपोर्ट मेट्रो एक्सप्रेस की सेवाएं प्रभावित हुई हैं।
डीएमआरसी के प्रवक्ता अनुज दयाल के अनुसार मजलिस पार्क-शिव विहार कॉरीडोर के अंतर्गत साउथ कैंपस मेट्रो स्टेशन और दिल्ली कैंट मेट्रो स्टेशन के बीच निर्माणाधीन इस ट्रैक का निर्माण एयरपोर्ट एक्सप्रेस लाइन से करीब 11.7 मीटर ऊंचाई पर किया जा रहा है। जबकि जमीन से एयरपोर्ट मेट्रो एक्सप्रेस की ऊंचाई करीब 11.7 मीटर है। ट्रैक के इस हिस्से को बनाने में 37 मीटर लंबे 13 सेंगमेंट का इस्तेमाल किया जा रहा है। जिनका भार करीब 585 टन है।
इन सेगमेंट को करीब 350 टन भार वाले लांचर की मदद से एक दूसरे से जोड़ा जा रहा है। मेट्रो प्रवक्ता के अनुसार मेट्रो ट्रैक का निर्माण रात्रि 12.30 बजे के बाद से लेकर सुबह चार बजे तक किया जाता है। जिससे एयरपोर्ट मेट्रो एक्सप्रेस के परिचालन में किसी तरह की बाधा न पड़े। वॉयाडक्ट के लांचिंग का काम एयरपोर्ट लाइन के ऑपरेशन एण्ड मेंटीनेंस डिपार्टमेंट की क्लीयरेंस मिलने के बाद ही शुरू किया जाता है।

साथ ही धौलाकुंआ से गुजरने वाले वाहनों की सहूलियत के लिए डीएमआरसी ने नई सड़क का निर्माण कर यातायात को डाइवर्ट किया है। सुरक्षा के मद्देनजर डीएमआरसी ने निर्माणकार्य की गतिविधियों पर निगाह बनाए रखने के लिए एयरपोर्ट एक्सप्रेस लाइन पर सीसीटीवी कैमरे लगाए हैं। जिससे छह सिविल इंजीनियर, दो सेफ्टी एक्सपर्ट सहित ऑपरेशन एण्ड मेंटीनेंस डिपार्टमेंट के अधिकारी निर्माण कार्य के साथ साथ सड़क से गुजर रहे यातायात पर अपनी निगाह बनाए रखते हैं। मेट्राे प्रवक्ता के अनुसार इस सेगमेंट का निर्माण अक्टूबर तक होने की संभावना है।