नई दिल्ली. बाहरी दिल्ली के रोहिणी सेक्टर 16 इलाके में एक नाबालिग ने अपने पिता की कृपाण घोंपकर हत्या कर दी। नाबालिग अपने माता-पिता के बीच रोज होने वाले झगड़े से आहत था। रविवार रात्रि मां की पिटाई से आक्रोशित इस नाबालिग ने अपने पिता के पेट में कृपाण घोंप दी। जिसके चलते उसकी मौत हो गई। पिता की हत्या करने के बाद वह गुरुद्वारे में चला गया। जहां से पुलिस ने उसे हिरासत में ले लिया। पुलिस ने मृतक की पहचान 40 वर्षीय बाबू राम के रूम में की है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम कराने के बाद परिजनों को सौंप दिया है।
पुलिस के अनुसार बाबू राम अपनी पत्नी और बच्चों के साथ रोहिणी के सेक्टर 16 इलाके में रहता था। पेशे से ऑटो चालक बाबू राम शराब पीने का आदी भी था। शराब के नशे में वह रोजाना अपनी पत्नी के साथ झगड़ा किया करता था। रविवार रात्रि बाबूराम एक बार फिर शराब पीकर घर पहुंचा। किसी बात पर झगड़ा होने पर उसने अपनी पत्नी की पिटाई शुरू कर दी। परिजनों की सूचना पर पुलिस बाबूराम को लेकर केएन काटजू मार्ग ले आई।
बाबूराम को समझाने के बाद रात्रि करीब साढ़े दस बजे थाने से घर भेज दिया गया। घर पहुंचने के बाद बाबू राम ने दोबारा शराब पी और फिर पत्नी की पिटाई करने लगा। मां को बचाने के लिए उसके बेटे ने बीच बचाव का प्रयास किया। लेकिन वह अपनी मां को बाबूराम के चंगुल से नहीं बचा सका। झुंझलाहट में आकर बेटे ने पिता के पेट में कृपाण घोंप दी और वहां से गुरुद्वारा चला गया। जिसके बाद परिजन बाबूराम को लेकर नजदीकी अस्पताल पहुंचे। जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। वहीं सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने नाबालिग को हिरासत में ले लिया। पुलिस के अनुसार नाबालिग नौवीं कक्षा का छात्र है।