नई दिल्ली.दक्षिण दिल्ली के साउथ एक्स इलाके में रविवार तड़के एक बेकाबू ट्रक निर्माणाधीन बस स्टैंड पर चढ़ गया जिससे वहां काम कर रहे दो मजदूरों की मौत हो गई जबकि तीन अन्य बुरी तरह घायल हो गए। घायलों का इलाज एम्स ट्रामा सेंटर में चल रहा है। डॉक्टरों के अनुसार घायलों की हालत नाजुक बनी हुई है। इसी अस्पताल की मॉर्चरी में मृतकों के शव को रखा गया है।
कोटला मुबारकपुर थाना पुलिस ने आरोपी ट्रक चालक नईम अहमद को गिरफ्तार कर ट्रक जब्त कर लिया है। पुलिस के मुताबिक एक मृतक का नाम कृष्णी (30) है। दूसरे की पहचान अभी नहीं हो सकी है। घायलों की पहचान बसंत (35), हल्लू (40) और लखन (40) के रूप में हुई है।
पुलिस अधिकारी ने बताया कि सुबह करीब चार बजे पीसीआर कॉल पर सूचना मिली कि ट्रक बस साउथ एक्स बस स्टैंड पर काम कर रहे मजदूरों पर चढ़ गया है। मौके पर पहुंची पुलिस ने फंसे मजदूरों को बाहर निकालकर तुरंत एम्स ट्रामा सेंटर पहुंचाया। यहां डॉक्टरों ने दो मजदूरों को मृत घोषित कर दिया।