नई दिल्ली. मेट्रो रेल सेवा के क्षेत्र में देश लिए अच्छी खबर है। देश की राजधानी नई दिल्ली की मेट्रो रेल को विश्व की दूसरी उत्कृष्ट मेट्रो रेल सेवा का दर्जा दिया गया है। दुनिया की कुल 18 अंतरराष्ट्रीय मेट्रो रेल पर किए गए एक ऑनलाइन सर्वे में दिल्ली मेट्रो को यह दर्जा दिया गया है। सर्वे के मुताबिक उपभोक्ताओं के संपूर्ण समाधान के लिहाज से दिल्ली मेट्रो दूसरे पायदान पर है। दिल्ली मेट्रो रेल कार्पोरेशन (डीएमआरसी) के अधिकारी के मुताबिक यह सेर्वे ग्लोबल मेट्रो बेंचमार्किंग ग्रुप्स ‘नोवा’ और ‘कोमेट’ (कम्यूनिटी मेट्रोस) ने किया है।
नेट प्रमोटर्स स्कोर के मामले में शीर्ष तीन में भी शामिल
सर्वे के मुताबिक नेट प्रमोटर्स स्कोर (एनपीएस) के मामले में भी दिल्ली मेट्रो लंदन की डॉकलैंड्स लाइट रेल व बैंकॉक मेट्रो के साथ शीर्ष तीन में शामिल है। नेट प्रमोटर्स स्कोर का आशय उपभोक्ताओं द्वारा अपने अनुभवों के आधार पर दूसरे लोगों को सेवा के उपभोग के लिए प्रोत्साहित करना है। ज्ञात हो कि प्रमोटर्स के प्रतिशत में से आलोचकों के प्रतिशत को घटाकर एनपीएस निकाला जाता है।
41 हजार लोगों ने दी प्रतिक्रिया : दुनिया की 18 मुख्य अंतरराष्ट्रीय मेट्रो रेल की वेबसाइटों व सोशल मीडिया लिंक के जरिए 28 अप्रेल 2014 से 25 मई 2014 के बीच यह सर्वे कराया गया। जिसमें 41 हजार लोगों ने अपनी प्रतिक्रिया दी।
सर्वे में ये मेट्रो सिस्टम शामिल दिल्ली के अतिरिक्त सर्वे में शामिल अन्य मेट्रो सिस्टम में हांगकांग एमटीआर, लंदन अंडरग्राउंड, मेट्रो डी मेड्रिड, पेरिस आरएटीपी, मेट्रो डी सैंडियागो, सिंगापुर एसएमआरटी, बार्सिलोना टीएमबी, ब्रुसेल्स एसटीआईबी, बैंकॉक बीएमसीएल, लंदन डीएलआर, इस्तांबुल उलाइज्म, कुआलालंपुर रैपिड पीएल, मेट्रोपोलिटन डी लिसबोआ, मोंटरियल एसटीएम, न्यूकैसल नेक्सस, मेट्रो रियो और टोरंटो टीसीसी शामिल हैं।
कोमेट में शामिल होगा डीएमआरसी : सर्वे में दिल्ली मेट्रो के अच्छे प्रदर्शन व इसके यात्रियों की बढ़ती संख्या के मद्देनजर अब डीएमआरसी कोमेट में शामिल हो जाएगा। कम्यूनिटी ऑफ मेट्रोस (कोमेट) विश्व की 16 बड़े मेट्रो सिस्टम का ग्रुप है। डीएमआरसी कोमेट की अन्य शर्तों को भी पूर्ण करता है।