नई दिल्ली. आम आदमी पार्टी (आप) प्रमुख अरविंद
केजरीवाल ने उनकी पार्टी को पूर्ण बहुमत मिलने का भरोसा जताते हुए कहा कि सच की जीत होगी। केजरीवाल ने कहा, मुझे विश्वास है कि आप दिल्ली में चुनाव जीतेगी और सरकार बनाएगी। उन्होंने कहा कि मुझे विश्वास है कि सच्चाई की जीत होगी, लोगों की जीत होगी। लोग इस बार भ्रष्टाचार और महंगाई से छुटकारा पाने के लिए मतदान करेंगे। भाजपा की नूपुर शर्मा और कांग्रेस की किरण वालिया नयी दिल्ली सीट से चुनाव मैदान में हैं।
केजरीवाल ने लोगों से आगे आकर वोट करने की अपील करते हुए कहा, वोट करना महत्वपूर्ण है। हर किसी को ईश्वर को याद करना चाहिए और मतदान करना चाहिए। इससे पहले केजरीवाल ने ट्वीट किया था, स्नान करें और प्रार्थना करते हुए मतदान के लिए निकलें। आप अवश्य जीतेंगे।
मतदान करने के बाद आप प्रमुख ने मतदान कर्मियों के साथ फोटो खिंचवाईं और उनमें से कुछ ने उनके साथ सेल्फी भी खींची। मतदान केंद्रों के बाहर मीडियाकर्मियों के बीच धक्कामुक्की हो रही थी, ऐसे में केजरीवाल को पिछले दरवाजे से मतदान केंद्र के बाहर लाया गया। आप को इन चुनावों में जीत का मजबूत दावेदार माना जा रहा है। चुनाव पूर्व कई सर्वेक्षणों ने आप को स्पष्ट बहुमत मिलने की बात की है।