नई दिल्ली: दिल्ली विधानसभा चुनाव में शनिवार को कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी गांधी की बेटी प्रियंका गांधी अपने पति रॉबर्ट वाड्रा के साथ मतदान के लिए पहुंचीं। प्रियंका गांधी ने भरोसा जताया कि पिछले कुछ चुनाव हारने वाली उनकी पार्टी जल्द ही वापसी करेगी। प्रियंका ने कहा, ''कांग्रेस ने पहले भी मुश्किल हालात देखे हैं और पार्टी हमेशा इससे बाहर निकली है। मुझे पूरा भरोसा है कि इस बार भी ऐसा ही होगा।''
आम आदमी पार्टी के बारे में पूछे जाने पर प्रियंका ने कहा कि आप भी इस चुनाव में एक महत्वपूर्ण कंपटीटर है।
राहुल गांधी ने पिछले चुनाव में कहा था कि कांग्रेस आम आदमी पार्टी से काफी कुछ सीख सकती है, इस बयान पर जब प्रियंका की प्रतिक्रया मांगी गई तो उन्होंने कथित तौर पर कहा कि आम आदमी पार्टी भी कांग्रेस से काफी कुछ सीख सकती है। प्रियंका के मुताबिक, हर कोई किसी न किसी से कुछ न कुछ सीखता ही है। बता दें कि कांग्रेस ने 2013 में महज 8 सीटें जीती थीं, जबकि आम आदमी पार्टी को 28 और बीजेपी को 31 सीटें मिली थीं।