नई दिल्ली. दिल्ली विधानसभा में इस बार सब कुछ बदला बदला नजर आएगा। सदन में जहां पहली बार विपक्ष के नाम पर मात्र तीन सदस्य दिखेंगे वहीं इस बार दो दर्जन से ज्यादा प्रोफेशनल नजर आएंगे। इनमें वकील, इंजीनियर ,कर्नल, कमांडो और डॉक्टर सहित विभिन्न क्षेत्रों में नाम कमाने वाले “सूरमा’ शामिल हैं। जीतने वाले प्रत्याशियों में सर्वाधिक वकील अथवा एलएलबी की डिग्री हासिल करने वाले शामिल हैं।
देश के प्रमुख इंजीनियरिंग संस्थान आईआईटी से पास आउट उम्मीदवारों ने भी चुनावी बाजी जीती है। पार्टी के मुख्यमंत्री के उम्मीदवार अरविंद
केजरीवाल खुद आईआईटी खड़गपुर से पासआउट हैं और इंडियन रेवेन्यू सर्विस के पूर्व अधिकारी रहे हैं। इनके अलावा मालवीय नगर से आप के विजयी प्रत्याशी सोमनाथ भारती भी आईआईटी पास हैं और वकील भी हैं। राष्ट्रपति की बेटी शर्मिष्ठा मुखर्जी को ग्रेटर कैलाश से भारी शिकस्त देने वाले सौरभ भारद्वाज भी इंजीनियरिंग होल्डर हैं।
इनके अलावा द्वारका से जीते पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री के पोते आदर्श शास्त्री पोस्ट ग्रेजुएट डिप्लोमा इन मैनेजमेंट हैं। इसी क्रम में लक्ष्मी नगर से आप विधायक नितिन त्यागी बिजनेस मैनेजमेंट में पोस्ट ग्रेजुएट हैं। किराड़ी के विधायक रितुराज आस्ट्रेलिया से होटल मैनेजमेंट में डिप्लोमा होल्डर हैं।
जंगपुरा के प्रवीण कुमार एमबीए पास हैं। बवाना के विधायक वेद प्रकाश मास कम्यूनिकेशन में ग्रेजुएट हैं। अंबेडकर नगर के विधायक अजय दत्त एमबीए पास हैं। तिमारपुर से जीतने वाले पंकज पुष्कर लेक्चरर हैं।
पूर्व सैन्य अधिकारी- बिजवासन से जीतने वाले सेवानिवृत कर्नल देवेन्द्र सिंह सहरावत के अलावा दिल्ली कैंट से सेवानिवृृत कमांडो सुरेन्द्र सिंह ने जीत हासिल की है।
पत्रकार- दिल्ली के दंगल में पत्रकारों ने भी विरोधियों को भारी शिकस्त दी है। इनमें से पटपडग़ंज से पूर्व पत्रकार मनीष सिसोदिया, मंगोलपुरी से राखी बिड़लान, राजौरी गार्डन से जरनैल सिंह को जीत हासिल हुई है।
वकीलों की फौज- चुनावी मैदान में एलएलबी की डिग्री हासिल करने वाले आप के प्रत्याशियों ने भी थोक के भाव जीत हासिल की है। इनमें मालवीय नगर के सोमनाथ भारद्वाज, ग्रेटर कैलाश से सौरभ भारद्वाज और कस्तूरबा नगर से मदन लाल, कृष्णा नगर से एडवोकेट एसके बग्गा, महरौली से नरेश यादव, सीमापुरी से राजेन्द्र गौतम इत्यादि शामिल हैं।