पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • Public Grievances Not Being Heard On Helpline

हेल्पलाइन पर भी नहीं सुनी जा रहीं लोगों की शिकायतें

7 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक

नई दिल्ली। नर्सरी दाखिले को लेकर अभिभावक परेशान हैं और स्कूल मनमानी कर रहे हैं। ऐसे में शिक्षा मंत्री मनीष सिसोदिया भी दर्ज की जा रही शिकायतों पर हो रही कार्रवाई का जायजा ले रहे हैं। सिसोदिया ने रविवार को उन दस अभिभावकों को फोन किया, जिनकी शिकायत पर कार्रवाई होने की पुष्टि निदेशालय ने की थी। इनमें से दो अभिभावकों ने बताया कि उनकी शिकायत पर कोई कार्रवाई नहीं हुई है। ऐसे में सिसोदिया की ओर से शिक्षा निदेशालय को दोबारा एक नोट भेजा गया कि इन अभिभावकों की शिकायतों पर कार्रवाई की जाए।

शिक्षा मंत्री मनीष सिसोदिया बताते हैं कि हर स्कूल को यह निर्देश जारी किए गए थे कि वह नर्सरी दाखिला प्रक्रिया के दौरान अपने जोन के शिक्षा अधिकारी का नाम, पता, मोबाइल नंबर, फोन नंबर नीले फ्लैक्स बोर्ड पर सफेद रंग से लिखवाकर प्रवेश द्वार पर टंगवाएं। अभिभावकों की ओर से शिकायतें आ रही हैं कि स्कूल प्रॉस्पेक्टस दाखिला रजिस्ट्रेशन फार्म के साथ दे रहे हैं। रजिस्ट्रेशन फीस 25 रुपए की बजाय प्रॉस्पेक्टस फार्म के साथ 200 रुपए से 500 रुपए तक ली जा रही है। जबकि ऐसा करना दाखिला गाइडलाइन के विरुद्ध है।

शिक्षा निदेशक पद्मिनी सिंघला को निर्देश दिए हैं कि वह स्कूलों को बिना देर किए जोन शिक्षा अधिकारी का नाम, पता और नंबर लिखे फ्लैक्स बोर्ड लगवाने को कहें। जिससे अभिभावक अपनी शिकायत संबंधित अधिकारी को भेज सकें। क्योंकि अभिभावक की शिकायत पर प्राथमिक कार्रवाई जोन शिक्षा अधिकारी करता है। अगर उसकी कार्रवाई से अभिभावक संतुष्ट नहीं हैं तो वह शिक्षा निदेशालय के हेल्पलाइन नंबर 27352525 पर अपनी शिकायत दर्ज करवाएं। यह हेल्पलाइन नर्सरी दाखिले की जानकारी और शिकायतों के लिए ही शुरू की गई है।


ढांचागत सुविधा के अभाव में शिक्षकों के 8 घंटे कार्य करने का आदेश टला
नई दिल्लीत्नमनीष सिसोदिया ने सोमवार को भास्कर को विशेष बातचीत में बताया कि स्कूली शिक्षकों के लिए आठ घंटे कार्य करने संबंधी जो आदेश जारी किया गया था, उसे फिलहाल टाल दिया गया है। इसका कारण है कि अभी स्कूलों में ढांचागत सुधार की आवश्यकता है। शुरू में यह सोचा गया था कि शिक्षक स्कूलों में जाकर पढ़ाने को लेकर या छात्रों के बीच कुछ पठन-पाठन का अभ्यास कराएंगे। लेकिन स्कूलों के अंदर छात्रों की संख्या अधिक होने और स्कूलों की कमी व ढांचागत सुविधा का अभाव देखते हुए फिलहाल इस निर्देश को टाल दिया गया है। अब स्कूलों में शिक्षकों को सप्ताह में 45 घंटे की बजाय पहले की तरह ही 36 घंटे की ड्यूटी ही करनी होगी। शिक्षा मंत्री मनीष सिसोदिया के इस निर्णय का स्कूली शिक्षक संगठनों ने स्वागत किया है और कहा है कि दिल्ली सरकार और शिक्षा मंत्री ने स्कूलों की जमीनी हकीकत को समझकर जो 45 घंटे ड्यूटी का फरमान टाला है, वह स्वागतयोग्य है।


अभी तक हेल्पलाइन पर दर्ज हुई शिकायतें 1325
कार्रवाई हुई : 769
पेंडिंग शिकायतें : 512
कार्रवाई जारी है : 33
ये शिकायतें आ रही हैं सबसे ज्यादा :
स्कूल बच्चे की उम्र तीन साल से ज्यादा होने पर फार्म नहीं दे रहे - 211
स्कूल ईडब्ल्यूएस के फार्म नहीं दे रहे - 209
ईडब्ल्यूएस के फार्म नहीं स्वीकार कर रहे - 130
स्कूल रजिस्ट्रेशन फीस 25 रुपये से ज्यादा वसूल रहे हैं - 86