नई दिल्ली. एक ओर जहां भाजपा की पूरी जमात पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी को भारत रत्न से सम्मानित करने की मांग कर रही है और करोड़ों रुपए खर्च कर उनके जन्मदिन पर अटल सुशासन दिवस मना रही है तो दूसरी ओर जिला के नेता अटल व आडवाणी जैसे कद्दावर नेताओं को पोस्टर व होर्डिंग से चलता कर आज के नेताओं के साथ अपनी फोटो छपवाकर खुद को चमकाने के प्रयास में कर रहे हैं। भाजपा की नई पौधों ने दिल्ली-नोएडा-दिल्ली रोड पर अक्षर धाम पर लगे कई बड़े-बड़े होर्डिंग्स से भाजपा के शिखर पुरुष अटल और लौह पुरुष के नाम से विख्यात आडवाणी को बाहर का रास्ता दिखा दिया गया है।
प्रदेश भाजपा उपाध्यक्ष कुलजीत सिंह चहल द्वारा जारी कई होर्डिंग्स में पीएम
नरेंद्र मोदी,भाजपा अध्यक्ष
अमित शाह, गृहमंत्री राजनाथ सिंह, परिवहन मंत्री नितिन गडकरी, विदेश मंत्री सुषमा स्वराज, वित्त मंत्री अरुण जेटली, प्रभात झा, सांसद डा. हर्षवर्धन,प सतीश उपाध्याय के साथ पूर्वी दिल्ली के सांसद डा. महेश गिरि को भी जगह दी गई है।
दिल्ली भाजपा की कमेटी गठित : भाजपा ने मोदी सरकार से मांग की है कि वह निर्भया फंड से महिलाओं के लिए रात्रि 9 से प्रात: 6 बजे तक के बीच रात्रिकालीन टैक्सी सेवा प्रारंभ करे। महिला सुरक्षा पर सुझाव और दिल्ली पुलिस एवं सरकार से इनके क्रियान्वयन करवाने के लिए पार्टी की उपाध्यक्ष प्रो. रजनी अब्बी, शिखा राय, विशाखा शैलानी एवं महिला मोर्चा अध्यक्षा क मलजीत सहरावत की एक कमेटी का गठन किया गया है।
अटल बिहारी वाजपेयी, लालकृष्ण आडवाणी हमारे नेता हैं। सम्मान दिल से होता है पोस्टर में जगह देने से नहीं। डा. महेश गिरी सांसद, पूर्वी दिल्ली
अटलजी और आडवाणी जी के प्रयास का नतीजा है कि भाजपा आज देश में परचम लहरा रही है। संस्कार व देश की सेवा की निष्ठा ही भाजपा की सबसे बड़ी ताकत है। अटल व आडवाणी का होर्डिंग में नहीं होना खेद का विषय है इस मामले पर मैं संज्ञान लूंगा। सतीश उपाध्याय, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष
आम आदमी सेना ने केजरीवाल पर लगाया गंभीर आरोप
आम आदमी सेना ने आप प्रमुख
अरविंद केजरीवाल को उनके दुबई यात्रा पर कई गंभीर आरोप लगाते हुए पोस्टर वार छेड़ दिया है। सेना के कार्यकर्ताओं ने केजरीवाल के विरुद्ध दिल्ली प्रदेश भाजपा कार्यालय समेत पूरे दिल्ली में पोस्टर चस्पा कर केजरीवाल से जवाब मांगा है।
पोस्टर में सेना ने केजरीवाल को दिल्ली का भगोड़ा करार देते हुए पूछा है कि दुबई में कौन है जो केजरीवाल को दिल्ली चुनाव के लिए रुपया दे रहा है व दिल्ली सरकार में अपना हिस्सा चाहता है वह अंडर वर्ल्ड है या कोई और।
सेना ने पूछा है कि चंदा देने वाला वही व्यक्ति है जिसने आप की 49 दिनों की सरकार गिरवाई और दिल्ली को बर्बाद करने के बाद हिन्दुस्तान को तबाह करना चाहता है।
वहीं आम सेना द्वारा प्रदेश कार्यालय पर चस्पा की गई पोस्टरों के बारे में भाजपा के मीडिया प्रभारी प्रवीण शंकर कपूर ने पल्ला झाड़ते हुए कहा है कि यह सब दिल्ली के लोगों को झूठ और गुमराह करने का परिणाम है। पिछले विधानसभा चुनाव में केजरीवाल ने यूथ समेत सभी वर्ग को गुमराह किया। सच्चाई सामने आने पर लोग पेास्टरों के जरिए अपना गुस्सा निकाल रहे हैं।
भाजपा चुनावी पोस्टर तैयार
भाजपा ने विधानसभा चुनाव के लिए पोस्टर जारी किया है। भाजपा को चुनाव में जीत के लिए केवल प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकास का ही आसरा है। इस पोस्टर को
जम्मू कश्मीर और झारखंड के चुनाव नतीजों के बाद भाजपा दिल्ली के सातों संसदीय क्षेत्र के सभी विधानसभा, निगम वार्डों से लेकर मंडल के घर-घर तक बांटने की तैयारी कर ली है।
भाजपा द्वारा तैयार किए गए पोस्टर में भाजपा ने आम आदमी पार्टी और कांग्रेस को मात देने के लिए नया नारा तैयार किया है। इस नारे में दिल्ली के विकास के लिए मोदी के साथ चलने की बात कहीं गई है। भाजपा के मीडिया प्रभारी प्रवीण कपूर ने बताया कि मोदी की धूम जब भारत से आस्ट्रेलिया, अमेरिका जापान तक मची है। दुनियां उनकी विकास व सोच का लोहा मान चुकी है फिर दिल्ली में उनका जादू वोटरों के सिर पर चढ़कर बोलना तय है।