नई दिल्ली. सरकार काले धन के मामलों में 60 भारतीयों और कंपनियों के नाम उजागर करने जा रही है। इनके खातों में 1,500 से 1,600 करोड़ रुपए की रकम बताई गई है। इनके खिलाफ हाल में टैक्स चोरी के लिए अभियोजन की कार्यवाही शुरू हुई है।
यह मामले एचएसबीसी बैंक की जिनेवा शाखा द्वारा उपलब्ध कराई गई सूची पर आधारित है। सूत्रों ने रविवार को यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि जिनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई शुरू की गई है उनमें कुछ कंपनियां, बड़े उद्योग घराने व कुछ लोग शामिल हैं। आयकर विभाग ने इनके खिलाफ जांच पूरी कर ली है। इसके बाद विशेष जांच दल (एसआईटी) के निर्देश पर इनके खिलाफ अभियोजन की प्रक्रिया शुरू की गई है। यह एसआईटी कालेधन की समस्या से निपटने और विदेश में अवैध संपत्ति रखने वालों भारतीयों के खिलाफ कार्रवाई के लिए बनाया गया है।